Rampur News: बुखार के मरीजों में कम हो रहीं प्लेटलेट्स
रामपुर। जिले में वायरल बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टर कक्ष तक बुखार के मरीजों की लाइनें लगी रहीं। शनिवार को ओपीडी में 1022 पर्चे बने।
पर्चा बनवाने के बाद मरीज डॉक्टरों के कक्ष तक पहुंचे। डॉक्टरों के पास दो सौ से अधिक बुखार के मरीज पहुंचे थे। डॉक्टर के कक्ष के बाहर मरीजों की लाइनें लगी थीं। कई बार मरीजों के बीच पहले उपचार पाने को लेकर आपाधापी भी मची, लेकिन वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें शांत कराया। मरीजों को देख रहे जनरल फिजीशियन डॉ. ओपी राय ने बताया कि बुखार के मरीजों में प्लेटलेट्स कम होने की समस्या देखी जा रही है। सामान्य मरीज की प्लेटलेट्स काउंट डेढ़ से चार लाख के बीच होनी चाहिए। बुखार के मरीजों की जांच में प्लेटलेट्स एक लाख से कम मिल रही हैं। हालांकि इनमें मलेरिया व डेंगू की पुष्टि नहीं हो रही है। ऐसे मरीजों की कम से कम 10 दिन दवा चल रही है और खानपान में विशेष ध्यान देने की सलाह दी जा रही है।
प्लेटलेट्स बढ़ाने के लिए यह करें
-मौसमी का जूस पीयें।
-कीवी, संतरा व अनार आदि फल खाएं।
-हरी, पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें।