Rampur News: जेसीबी की टक्कर से विद्यालय की दीवार और गेट टूटा
रामपुर। जहांगीरपुर गांव में भूमिगत वाटर पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदाई करते समय जेसीबी की टक्कर से उच्च प्राथमिक विद्यालय की दीवार और गेट क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय बच्चे हैंडपंप पर पानी भी रहे थे। बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्वार क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिलकदुंदी के उप गांव जहांगीरपुर में पेयजल योजना के तहत भूमिगत पाइप लाइन बिछाई जा रही है। जल निगम का ठेकेदार बुधवार को पाइप लाइन बिछाने के लिए जेसीबी से खुदाई करवा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे चालक की लापरवाही से जेसीबी उच्च प्राथमिक विद्यालय के गेट से टकरा गई, जिससे दीवार और गेट क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान कुछ बच्चे गेट की दीवार के पास हैंडपंप पर पानी पी रहे थे। जेसीबी की टकराते ही इंचार्ज अध्यापक आसिफ खां ने शोर मचाया तो बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद इंचार्ज अध्यापक ने फोन कर 112 डायल पुलिस बुलाई। इस दौरान जेसीबी चालक जेसीबी छोड़कर भाग गया। वहीं ठेकेदार ने स्कूल की दीवार व गेट की मरम्मत का आश्वासन दिया है। अध्यापक का कहना है कि लोहे का गेट विद्यालय परिसर के फर्श से नहीं टिकता तो बड़ा हादसा हो सकता था। विभाग को भी इस संबंध में जानकारी दे दी गई है।