Rampur News: बिजली चेकिंग को पहुंचे एसडीओ को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
मसवासी। बिजारखाता गांव में एक ग्रामीण के घर बिजली चेकिंग करने पहुंचे बिजली विभाग के एसडीओ और विद्युत कर्मियों को विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीण ने कुछ लोगों के साथ हंगामा खड़ा कर दिया और एसडीओ को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया जिसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। एसडीओ ने गाली गलौच, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की तहरीर देदी है। दूसरी ओर ग्रामीण ने भी बिजली टीम पर घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
शनिवार को एसडीओ भगवंत सिंह विद्युत कर्मियों को साथ लेकर बिजारखाता गांव पहुंचे। बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बिजारखाता गांव में एक ग्रामीण के घर कटिया डालकर बिजली की चोरी की जा रही है। टीम ने जब छापेमारी की तो गृह स्वामी समेत आसपास के तमाम ग्रामीण मौके पर आ गए और उन्होंने बिजली चेकिंग का विरोध करना शुरु कर दिया। भीड़ ने विद्युत कर्मियों पर जनता का शोषण करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
उत्तेजित भीड़ ने एसडीओ के साथ धक्का मुक्की करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। विद्युत कर्मियों से मारपीट की और एसडीओ को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हंगामे की सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने बामुश्किल लोगों को शांत कराया। इसके बाद एसडीओ स्वार कोतवाली पहुंच गए जहां घटना की तहरीर देदी गई। इसमें गाली गलौच, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। दूसरी ओर गृह स्वामी मनसफ का आरोप है कि एसडीओ के साथ मौजूद विद्युत कर्मी जबरन घर में घुस गए और घर में मौजूद महिलाओं से अभद्रता करने लगे।