Rampur News: सड़कों पर शिवभक्तों का सैलाब, आज खुल जाएगा हाईवे

सावन के अंतिम सोमवार की पूर्व संध्या पर कांवड़ लेकर लौट रहा कांवड़ियों का जत्था।
रामपुर। सावन के अंतिम सोमवार से पहले रविवार को शिवभक्तों का उल्लास चरम पर दिखा। अंतिम सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक को लेकर हजारों कांवड़ियों की टोलियां रविवार को भोले के जयकारों संग बरेली-मुरादाबाद हाईवे से गुजरीं। हाईवे पर पूरा दिन केसरिया सैलाब उमड़ता रहा। कांवड़ियों की वजह से हाईवे वाहनों के लिए बंद रखा गया। सोमवार को दोपहर दो बजे के बाद हाईवे पर सभी प्रकार के वाहन फर्राटा भरने लगेंगे।
सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में लाखों की संख्या में शिवभक्त कांवड़िये और श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सावन के आखिरी सोमवार पर मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। प्राचीन शिव मंदिर भमरौआ, पंजाबनगर, रठौंडा में विशेष तैयारियां हुई हैं।
इससे पहले रविवार को हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ रही। कांवड़िये हाईवे पर बम भोले के जयकारे लगाते हुए गुजरे। शहर के अंदर वाली सड़क पर भी कांवड़ियों की टोलियां डीजे की धुन पर नाचते और गाते हुए पहुंचीं। इस दौरान टोलियों में बज रहे डीजे के बीच जोरदार कंपटीशन हुआ। जिससे वातावरण भोले के गीतों से गूंज उठा। शाम तक कांवड़ियों के गंगाघाटों से वापस लौटने का सिलसिला चलता रहा। सोमवार को कांवड़िये बम भोले के जयकारों संग शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।
कांवड़ियों की सेवा के लिए शहर भर में सड़क किनारे भंडारे आयोजित किए गए। सिविल लाइंस में जगह-जगह पर शिविर लगाकर कांवड़ियों के जलपान और भोजन की व्यवस्था की गई। विकास भवन के आगे भाकियू की ओर से भंडारा लगा। यहां पर खिचड़ी बांटी गई। रोडवेज बस स्टैंड, जीरो प्वाइंट, अजीतपुर बाईपास और शहजादनगर की ओर भंडारे लगे।
बदले हुए मार्ग से गुजरे वाहन
हाईवे पर रविवार को भी सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रही। ऐसे में वाहन चालकों को अजीतपुर बाईपास से पटवाई वाया शाहबाद की ओर से गुजारा गया। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि सोमवार को स्थिति को देखते हुए दोपहर दो बजे के बाद बाद हाईवे खोल दिया जाएगा।

सावन के अंतिम सोमवार की पूर्व संध्या पर कांवड़ लेकर लौट रहा कांवड़ियों का जत्था।

सावन के अंतिम सोमवार की पूर्व संध्या पर कांवड़ लेकर लौट रहा कांवड़ियों का जत्था।