Rampur News: इंजेक्शन लगाते ही युवक की मौत, जिला अस्पताल में परिजनों ने काटा हंगामा
रामपुर। पेट में दर्द होने पर साबिर को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल स्टाफ द्वारा इंजेक्शन लगाते ही उसकी मौत हो गयी। इसके बाद मृतक के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
थाना गंज क्षेत्र के तीतरवाली पाकड़ निवासी साबिर पुत्र अब्दुल सलाम को सुबह अचानक पेट में दर्द होने लगा। परिजन उसे सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिसके बाद उसको ग्लूकोज की बोतल चढ़ाई गई और उसको भर्ती कर लिया गया। इसके बाद करीब दो बजे के आसपास उसके पेट में फिर दर्द उठा तो उसको स्टाफ ने इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के कुछ मिनट बाद ही साबिर की मौत हो गयी। जब डॉक्टरों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी तो उन्होंने अस्पताल में हंगामा काट दिया। काफी देर अस्पताल के स्टाफ से नोकझोंक होती रही। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।