Rampur News: खेत को समतल करते समय ट्रैक्टर नदी में पलटा, किसान की मौत
बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र के लखीमपुर गांव में बैगुल नदी के किनारे खेत में मिट्टी को समतल करने के दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बैगुल नदी में गिर गया। इससे किसान हामिद हुसैन की मौत हो गई।
रविवार को लखीमपुर गांव निवासी किसान हामिद हुसैन 52 पुत्र अहमद हुसैन सुवह आठ बजे बैगुल नदी के किनारे खेत पर ट्रैक्टर ले जाकर खेत को समतल कर रहा था। उसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बैगुल नदी में जाकर गिर गया। ट्रैक्टर गिरने की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे किसानों ने देखा तो हामिद हुसैन बैगुल नदी के ढाहे पर खून से लथपथ पड़ेे थे और ट्रैक्टर नदी में पड़ा था। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने घर पर परिजनों को दी। परिजनों ने खेत पर पहुंचकर जब देखा तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। परिजन मृत हामिद हुसैन के शव को लेकर घर आ गए। इसके बाद परिजनों ने खजुरिया पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी पुष्कर सिंह ने मय फोर्स के पहुंचकर घटना स्थल की जांच पड़ताल कर शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाइयों में से सबसे छोटे थे और मृतक की दो बहने हैं। मृतक की पत्नी का नाम अख्तरी बेगम है जिसके चार पुत्र और एक पुत्री है ।