Rampur News: बुखार से एक ही गांव के दो लोगों की मौत
रामपुर। जिले में डेंगू और बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। सैदनगर के खेमपुर गांव में बुधवार शाम बुखार से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों को कई दिन से बुखार आ रहा था। बुखार से एक ही गांव में दो लोगों की मौत होने से ग्रामीणों में दहशत है। अजीमनगर थाना क्षेत्र के खेमपुर निवासी किसान मोहम्मद हनीफ (50) को करीब 10 दिन से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के दौरान उनकी प्लेटलेट्स काफी कम हो गई थी। इलाज के दौरान बुधवार शाम को उनकी मौत हो गई।
इसी गांव निवासी मोहम्मद हसन की पत्नी खैरुलनिशा (48) को आठ दिन से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, लेकिन प्लेटलेट्स काफी कम होने के कारण उनकी हालत बिगड़ती गई। बुधवार की देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गांव में एक साथ बुखार से दो लोगों की मौत होने से ग्रामीणों में दहशत है। गांव में दर्जनों बुखार से पीड़ित मरीज अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कर रहे हैं।