Rampur News: जिले में होगी यूपी पीईटी, आयोग ने केंद्रों की सूची मांगी
रामपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा प्रदेश भर में 28 व 29 अक्तूबर को होगी। परीक्षा केंद्र बनाने के लिए आयोग ने जिले से कॉलेजों की सूचना मांगी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से 25 कॉलेजों का ब्योरा आयोग को भेजा जाएगा। आयोग ही केंद्रों की सूची फाइनल करेगा।
यूपी पीईटी हर साल आयोजित कराई जाती है। प्रदेश के सभी जिलों में यह परीक्षा अक्तूबर माह में कराई जाएगी। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब आयोग ने परीक्षा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। आयोग ने जिले में केंद्र बनाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक से कॉलेजों का डाटा मांगा है। विभाग के अनुसार जिले में 20 परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं। इनमें परीक्षार्थियों की संख्या 30 हजार के आसपास हो सकती है। दूसरे जिले के परीक्षार्थियों का सेंटर जिले में बनाया जाएगा। परीक्षा कराने के लिए केवल राजकीय व एडेड इंटर और डिग्री कॉलेजों का चयन होगा। कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे, बिजली पानी शौचालय एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी होनी चाहिए, जिससे परीक्षार्थियों को कोई परेशानी न हो। जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली ने बताया कि आयोग से केंद्रों के लिए जो गाइडलाइन आई है उसी के अनुरूप परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। कॉलेजों को केंद्र बनाने के लिए सहमति पत्र भी भेजे गए हैं। जिले से 25 कॉलेजों के नाम प्रस्तावित हैं। इनके नाम आयोग को भेजे जाएंगे।
पिछले वर्ष 14 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा
पिछले वर्ष 2022 में पीईटी जिले में 14 केंद्रों पर कराई गई थी। 15 व 16 अक्तूबर को आयोजित हुई इस परीक्षा में शाहजहांपुर, बुलंदशहर, फर्रूखाबाद आदि दूर-दराज के जिलों के तकरीबन 25 हजार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था।