Rampur News: परिजनों ने नहीं दिए रुपये तो किसान ने जहर खाकर दी जान
बिलासपुर केमरी थाना क्षेत्र के गंगापुर कदीम निवासी किसान लाखन सिंह (45) ने किसी काम के लिए अपने परिजनों से रुपये मांगे। परिजनों ने रुपये देने से इन्कार कर दिया तो नाराज होकर किसान ने कीटनाशक खा लिया। गंभीर हालत में परिजन सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले गए, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार लाखन सिंह ने शनिवार की शाम अपने बड़े कन्हैया लाल पुत्र से किसी काम के लिए रुपए मांगे थे। बड़े पुत्र ने कहा कि रुपये मां से ले लें। इसके बाद लाखन ने अपनी पत्नी भूरी देवी से रुपये मांगे तो उन्होंने इन्कार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर लाखन सिंह ने घर में रखा कीटनाशक खा लिया। रात करीब 8:00 बजे उनकी हालत खराब होने लगी। इसके बाद परिजन करीब 9:15 बजे नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में किसान की मृत्यु हो गई। केमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। किसी ने कोई शिकायत नहीं की है। लाखन के दो पुत्र व एक पुत्री हैं, दोनों बेटों की शादी हो चुकी है। लाखन अपने बेटों के साथ खेती करते थे।