Rampur News: बंदरों की घुड़की से महिला छत से गिरी, घायल
बिलासपुर (रामपुर)।
बंदरों की घुड़की से एक महिला छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया है।
नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी राजकुमार सक्सेना की पत्नी मालती देवी बुधवार शाम करीब सात बजे घर की छत पर गई थीं। परिजनों के अनुसार छत पर बैठे बंदरों ने उनको देखकर घुड़की दी तो वह डर गईं और पीछे हटीं तो छत से नीचे गिर गईं। महिला की चीख सुन परिजन व पड़ोसी महिला के पास पहुंचे और महिला को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया। लोगों का कहना है कि नगर के मोहल्ला कायस्थान, साहूकारा आदि मोहल्लों में बंदरों का आतंक है, जिसके कारण नागरिक परेशान हैं। नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि बंदर महिलाएं व बच्चों के लिए ज्यादा घातक साबित हो रहे हैं। साथ ही घरेलू संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। वह लोग प्रशासन से कई बार बंदरों को पकड़वाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्या को समाधान नहीं हुआ है।
नहाते समय हकीम पर बंदर ने गिराया बिजली का तार, झुलसा
केमरी (रामपुर)।
केमरी थाना क्षेत्र में घर में नल पर नहा रहे हकीम के ऊपर बंदरों ने बिजली का तार गिरा दिया, जिसके कारण वह करंट की चपेट में आने से झुलस गए और उनकी पसली में भी फ्रैक्चर हो गया। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।
केमरी के मोहल्ला सिंघाड़ियान निवासी प्रेमशंकर यागिक हकीम हैं। प्रेमशंकर चार साल से केमरी के पड़ोसी गांव जिवाई जदीद में परिवार के साथ रहते हैं। प्रेमशंकर बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे घर में नल के चबूतरे पर बैठकर नहा रहे थे। मोटर चल रही थी कि अचानक बंदर ने तार तोड़ दिया, जो प्रेमशंकर के ऊपर गिर गया। करंट के झटके से प्रेमशंकर चबूतरे पर गिर गए, जिससे उनकी पसली टूट गई। प्रेमशंकर को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।