रुहेलखंड विश्वविद्यालय: प्रोफेसर केपी सिंह दोबारा बने कुलपति, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सौंपा दायित्व

कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर तैनाती को लेकर चल रहा असमंजस शनिवार को थम गया। कुलाधिपति राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वर्तमान में कुलपति का पदभार संभाल रहे प्रो. केपी सिंह पर फिर से भरोसा जताते हुए कुलपति पद का दायित्व सौंपा है।
राज्यपाल ने कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से अगले तीन साल के लिए प्रो. केपी सिंह को कुलपति नियुक्त किया है। प्रो. केपी सिंह ने 17 अगस्त 2020 को रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार ग्रहण किया था। 17 अगस्त 2023 को कार्यकाल पूरा होने के बाद राज्यपाल ने नए कुलपति की तैनाती तक चार्ज संभालने की जिम्मेदारी सौंपी थी। शनिवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उन्हें दोबारा कुलपति पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
ये भी पढ़ें- सपा मुखिया पर बरसे डिप्टी सीएम: कहा- सत्ता नहीं मिलने से बेचैन हैं अखिलेश; राहुल गांधी को लेकर कही ये बात