Shahjahanpur News: नौ घंटे तक 12,600 घरों की बिजली रही गुल

हथौड़ा उपकेंद्र में पैनल को लगाने का काम करते कर्मचारी। स्रोत-बिजली निगम
शाहजहांपुर। हथौड़ा के विद्युत उपकेंद्र पर सोमवार को इनकमिंग ट्रॉली के पैनल को बदलने का काम शटडाउन लेकर कराया गया। इस दौरान 12600 उपभोक्ताओं की बिजली गुल रही। कड़ाके की सर्दी में बिजली गुल होने से लोगों के घरों में ब्लाेअर और हीटर तक नहीं चल सके। रात आठ बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
सुबह करीब दस बजे शटडाउन लेकर पैनलाें को बदलने का काम शुरू कराया था। जेई अंकित तिवारी की निगरानी में पुराने पैनल को हटाकर नए लगाए गए। इसके चलते चार फीडरों के हथौड़ा, रेती, हयातपुर, बिजलीपुरा,अंटा,चमकानी करबला, रोशनगंज, बृज विहार कॉलोनी, कैलाश नगर, हनुमत धाम, हुसैनपुरा में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। पूरे दिन लोग बिजली के लिए तरसते रहे। शाम में बिजली नहीं आने से लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया। उनके घर के सबमर्सिबल व मोटर तक नहीं चल सकें। ऐसे में उनके घरों की पानी की टंकी खाली रह गई। लोगों ने उपकेंद्र पर फोन कर जानकारी की। जिसमें अधिकतर लोगों के फोन रिसीव नहीं होने से जानकारी नहीं मिल सकी। जिसके चलते उन्हें काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
एक्सईएन ने निरीक्षण कर दिए निर्देश
-पैनल लगाए जाने के कार्य का अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को समय से कार्य पूर्ण कराने के लिए निर्देश दिए।