Shahjahanpur News: 170 गांव में 43 घंटे तक नहीं आई बिजली

शाहजहांपुर में अटसलिया की लाइन को सही करते कर्मचारी। स्त्रोत-जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। आंधी और बारिश के चलते ब्रेक डाउन हुई बादशाहनगर और अटसलिया उपकेंद्र की बिजली लाइन बुधवार शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी। लगातार बिजली गुल रहने से रोजा उपकेंद्र से लाइन को जोड़कर 43 घंटे के बाद 170 गांवों की आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली नहीं आने से लोग परेशान हो गए। व्यापारियों के उद्योग-धंधे तक ठप हो गए।
पैना से अटसलिया उपकेंद्र को बिजली सप्लाई दी जाती है। यहीं से बादशाहनगर उपकेंद्र को जोड़ा गया है। सोमवार दोपहर तीन बजे आंधी के चलते लाइन में फाल्ट आ गया। बिजली गुल होने से बादशाहनगर के 100 और अटसलिया के 70 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। सबसे पहले बादशाहनगर की लाइन पर गश्त शुरू की गई। लाइन पर कई जगह पर फाल्ट मिले। ददऊ गांव के पास केबल बक्सा फुंका मिला जिसे सही कर दिया गया। पेड़ों पर गिरी डाल को काटकर लाइन ओके की गई।
फिर अटसलिया वाली लाइन पर गश्त शुरू की गई। उम्मीद थी कि जल्द ही लाइन चालू हो जाएगी, लेकिन इस लाइन पर कई जगह पर क्लैप टूटे मिले और जंपर जलने के चलते मंगलवार को सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। देर रात तक प्रयास करने के बाद भी कामयाबी नहीं मिली।
अवर अभियंता आदर्श कुमार अपनी टीम के साथ कैंट और गांवों के खेतों के इलाकों में भटकते रहे, लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। उपभोक्ताओं की दुश्वारियों को देखते हुए बुधवार सुबह करीब 10 बजे रोजा उपकेंद्र से सप्लाई को जोड़कर राहत दी गई, लेकिन मुख्य लाइन शाम तक सही नहीं हो सकी थी।