Shahjahanpur News: हाईस्कूल में 84.40 और इंटरमीडिएट में 73.54 फीसदी विद्यार्थियों ने मारी बाजी
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम मंगलवार दोपहर जारी कर दिया गया। इस वर्ष जिले में हाईस्कूल में 84.40 और इंटरमीडिएट में 73.54 प्रतिशत विद्यार्थियों ने बाजी मारी। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद छात्र-छात्राओं ने खूब जश्न मनाया। स्कूलों के बाद घरों में भी मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
जिले के 129 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षाएं कराई गईं थीं। हाईस्कूल में 45509 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें 41961 विद्यार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। मंगलवार को आए परीक्षा परिणाम में 35426 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। यानी परीक्षा परिणाम 84.40 प्रतिशत रहा। जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम 73.54 प्रतिशत रहा है।
इंटरमीडिएट की परीक्षा में 38256 छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया था, लेकिन 36037 विद्यार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 26501 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। मंगलवार करीब एक बजे पहले हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम जारी किया। इसके बाद इंटर का परिणाम वेबसाइट पर अपलोड किया गया। डॉ. सुदामा प्रसाद कॉलेज, आकांक्षा हाईस्कूल और संजय कुमार सरस्वती इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को परीक्षा परिणाम दिखाया गया। परीक्षार्थियों की अंकतालिका का प्रिंट भी दिया गया। उत्तीर्ण होने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए।
हाईस्कूल में 6535 और इंटरमीडिएट में 9536 विद्यार्थी हुए अनुत्तीर्ण
परीक्षा के दौरान सख्ती का असर परीक्षा परिणाम पर साफ नजर आ रहा है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत तमाम सरकारी मशीनरी को सेंटरों पर लगा दिया गया। केंद्रों पर सख्ती के चलते हाईस्कूल के 6535 और इंटरमीडिएट के 9536 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हो गए हैं।