Shahjahanpur News: निपुण मूल्यांकन परीक्षा में 88 फीसदी छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

परीक्षा में सम्मिलित छात्राएं। संस्था
शाहजहांपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा चार से आठ तक के छात्र-छात्राओं की निपुण मूल्यांकन परीक्षा ओएमआर शीट पर हुई। इसमें 88 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। परीक्षा के दौरान बीएसए रणवीर सिंह ने कांट क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में जायजा लिया।
नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय रोटी गोदाम, कंपोजिट विद्यालय किला, विकास खंड भावलखेड़ा के कंपोजिट विद्यालय अटसलिया, प्राथमिक विद्यालय नई बस्ती समेत सभी विद्यालयों में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षकों की देखरेख में परीक्षा संपन्न कराई गई। छात्र-छात्राओं ने खाली गोलों को काला कर शीट भरी। परीक्षा के बाद ओएमआर शीट को सरल एप पर अपलोड किया गया। बीएसए ने बताया कि जिन विद्यालयों में किसी कारणवश परीक्षा कराने में कठिनाई आई, उन्हें एक और मौका मिलेगा। सभी को निर्देश हैं कि सरल एप पर ओएमआर शीट शेव कर लें। बाद में अपलोड कर दें। बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में परीक्षा आसानी से संपन्न हुई।
प्राथमिक विद्यालय नई बस्ती में 53 बच्चों ने दी परीक्षा
भावलखेड़ा के प्राथमिक विद्यालय नई बस्ती में पर्यवेक्षक भरत वर्मा की देखरेख में निपुण मूल्यांकन परीक्षा हुई। इसमें कक्षा चार और पांच में पंजीकृत 62 बच्चों में से 53 बच्चों ने हिस्सा लिया। निरीक्षण सहायक विकास अधिकारी नारायन सिंह ने किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार तिवारी, शिवकुमार, विपुल मिश्र, कल्पना सिंह, गौरी मिश्रा मौजूद रहीं।
सबसे ज्यादा रही जलालाबाद में उपस्थिति
जलालाबाद के 38 विद्यालयों में 92.7 प्रतिशत उपस्थिति रही, जोकि जिले में सबसे ज्यादा है। बीईओ सुनील सिंह की ओर से परीक्षा से तीन दिन पहले प्रधानाध्यापकों की मासिक बैठक के बाद टीम गठित कर अनुपस्थित चल रहे बच्चों और उनके अभिभावकों से संपर्क किया गया था, जिनकी निपुण मूल्यांकन परीक्षा में अहम भूमिका रही।

परीक्षा में सम्मिलित छात्राएं। संस्था