Shahjahanpur News: तार ठीक करते समय आई बिजली, चिपककर युवक की मौत
जलालाबाद। गांव चन्दोरा बहादुरपुर में बुधवार दोपहर घर में बिजली का तार जोड़ रहे छोटेलाल के 26 वर्षीय बेटे कुलदीप मिश्रा को करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में कुलदीप की मौत हो गई।
चाचा अशोक मिश्रा ने बताया कि तार टूट जाने से घर में बिजली नहीं आ रही थी। दोपहर करीब तीन बजे खेत से लौटे कुलदीप को यह समस्या बताई गई। उस समय बिजली नहीं थी। बताते हैं कि कुलदीप तार जोड़ने लगा तभी बिजली आ गई। कुलदीप तार से चिपककर छटपटाने लगा। वहां मौजूद चाचा अशोक ने डंडा मारकर किसी तरह कुलदीप को तार से अलग किया। गंभीर रूप से झुलसे परिजन कुलदीप को सीएचसी लेकर पहुंचे। कुलदीप अविवाहित था। वह दो भाइयों में छोटा था और खेती करता था। संवाद