Shahjahanpur News: ककरा उपकेंद्र का आनंदपुरम फीडर पांच घंटे रहा बंद, लोग हुए परेशान
शाहजहांपुर। बूंदाबांदी से भले ही थोड़ी राहत मिली हो, लेकिन उमस भरी गर्मी में बिजली के फाल्ट लोगों को परेशान कर रहे हैं। बुधवार को ककरा उपकेंद्र का आनंदपुरम् फीडर फाल्ट के चलते करीब पांच घंटे तक बंद रहा। वहीं लोहारों वाले चौराहे पर तार टूटकर ट्रांसफार्मर के ऊपर गिर गया। इसी तरह ट्रक द्वारा खंभा तोड़ने के कारण बिजली की आपूर्ति बाधित रही।
बुधवार को दोपहर करीब एक बजे लोहारों वाले चौराहे के पास तार टूटकर ट्रांसफार्मर के ऊपर गिर गया। इसके चलते ट्रांसफार्मर के रेडिएटर में छेद हो गया। फाल्ट के चलते आनंदपुरम् फीडर बंद हो गया। कर्मचारियों ने वहां पर पहुंचकर सप्लाई को बहाल करने का प्रयास किया। इस बीच अब्दुल्लागंज की लाइन के पोल में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। पोल टूटने से क्षेत्र की सप्लाई बाधित हो गई। सूचना के बाद पोल को सही कराने का काम शुरू किया। जिसके चलते सैकड़ों घरों की बिजली करीब पांच घंटे तक बाधित रही।
मौसम ठंडा होने के बाद भी बुधवार को पूरे दिन ट्रिपिंग से लोग जूझते रहे। बिजली की आवाजाही के चलते लोग परेशान रहे। अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र पर ओवरलोडिंग के चलते सबसे ज्यादा ट्रिपिंग रही।
आठ एमएम बारिश, उमस से पारे में उछाल
– अगले दो दिन तक बूंदाबांदी के साथ बादल छाए रहने का पूर्वानुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। बुधवार को भी दिन में कई बार बारिश हुई। पूरे दिन में आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उमस के कारण तापमान में इजाफा हुआ है। अगले दो दिन तक बूंदाबांदी के साथ बादल छाए रहने की संभावना जताई गई हैं। 24 जून से मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आठ मिमी बारिश हुई। मंगलवार को अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम में तीन डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान मुताबिक, अगले दो दिन तक बूंदाबांदी के साथ बादल छाए रहने की संभावना हैं।
बिजली कटौती रोकने को विधायक ने लिखा पत्र
कांट। ददरौल से भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह ने ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने स्वीकृत विद्युत केंद्रों का जल्द से जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की है। पत्र में बताया है विद्युत उपखंड मदनापुर, कांट के चौहनापुर और बादशाहनगर क्षेत्र में बिजली की स्थिति काफी खराब है। कहिलिया एवं बरीखास विद्युत केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू न किया जाना मुख्य कारण है। सिर्फ चार-पांच घंटे बिजली आने से किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहा है। संवाद