Shahjahanpur News: नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
आंबेडकर गांव मौजमपुर में खोदी गई सड़क बनी परेशानी का सबब
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। आंबेडकर गांव मौजमपुर में तालाब के पानी के निकास को लेकर खोदी गई सड़क परेशानी का सबब बन गई है। कई लोग निकास के लिए बनाए गए नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं। सोमवार को भी नाले में गिरकर एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। ऐसे में नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध प्रकट किया।
यहां बता दें कि तालाब का पानी नगर क्षेत्र सीमा में न निकाले जाने को लेकर एक दर्जन से अधिक सभासदों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद एसडीएम ने नगर पालिका और ब्लॉक के संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी को लेकर अपनी आख्या रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अब तक रिपोर्ट एसडीएम को नहीं मिल सकी है। जिसके कारण खोदी गई सड़क से लोगों का निकलना दूभर हो रहा है। सोमवार को गोपाल की 16 वर्षीय पुत्री वर्षा खोदी गई सड़क पर गिर गई जिससे उसका सिर फट गया। मोहल्ले के सुरजीत का पांच साल का पुत्र यश भी गड्ढे में गिर गया, उसके भी काफी चोटें आईं।
ऐसे में नाराज ग्रामीणों ने अधिकारियों की वायदा खिलाफी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मोहल्ले के राकेश सागर, राम सिंह, रामस्वरूप, वीरपाल, ललिता देवी, सादावती, सोनू, संगीता आदिल ने प्रदर्शन करते हुए तत्काल नाली और सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की।
नगर पालिका और ब्लॉक दोनों के जेई तथा संबंधित अधिकारियों को पानी निकास को लेकर अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे लेकिन मंगलवार तक रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलते ही तत्काल काम शुरू कराया जाएगा।
– अंजलि गंगवार, एसडीएम तिलहर।