Shahjahanpur News: उत्तर पुस्तिकाओं के दोबारा मूल्यांकन में भी फेल निकला अंशुल
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 28 Apr 2023 01:13 AM IST
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के गांव अटसलिया निवासी अशोक तिवारी के 13 वर्षीय बेटे ब्रह्मानंद उर्फ अंशुल की कक्षा सात की परीक्षा की कॉपियों का दोबारा मूल्यांकन कराया गया। इसमें भी वह फेल रहा। अंशुल ने कक्षा सात में फेल होने पर 31 मार्च को फंदे से लटककर जान दे दी थी। परिजनों ने आलीज्ञान दीप स्कूल के शिक्षकों पर ट्यूशन न पढ़ने पर अंशुल को फेल करने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर मारपीट के निशान नहीं मिले हैं।
अंशुल ने 31 मार्च की शाम को मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी थी। पिता अशोक तिवारी ने आलीज्ञान दीप स्कूल के शिक्षकों पर ट्यूशन न पढ़ने पर अंशुल को फेल करने और उसे पीटने का आरोप लगाया था। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। स्कूल स्तर पर कमेटी के माध्यम से कॉपियों का दोबारा मूल्यांकन कराया गया।
इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि कॉपियों के दोबारा कराए गए मूल्यांकन में भी छात्र फेल निकला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर मारपीट के निशान नहीं मिले हैं। गले पर फंदे से लटकने का ही एक निशान मिला है। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि परिजनों की तहरीर के बाद छात्र की दोबारा से कॉपियों का मूल्यांकन कराया गया था। मामले की जांच की जा रही है।