शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: एप से होगा परीक्षा केंद्रों का निर्धारण

Connect News 24

Examination centers will be determined by the app

डीआईओएस हरिवंश कुमार

शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड-2024 की परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। सबसे पहले केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नया मोबाइल एप विकसित किया है। एप के माध्यम से विद्यालय का फोटो क्लिक करते ही स्कूल की जियो लोकेशन, आसपास के विद्यालयों के बीच की दूरी आदि परिषद की वेबसाइट पर दर्ज हो जाएगी।

डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा- 2024 के केंद्रों का निर्धारण करने में पारदर्शिता लाने के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने नया एपीआई युक्त मोबाइल एप विकसित कराया है। इससे केंद्र निर्धारण में होने वाली हीलाहवाली पर अंकुश लग सकेगा।

केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए एप का उपयोग होगा। बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर आधारभूत सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट पर अपडेट कराने को कहा गया है। विद्यालयों की जो आधारभूत सूचनाएं वेबसाइट पर पूर्व में अपलोड की गई थीं, उनमें यदि किसी प्रकार का संशोधन हो तो उसे भी अपलोड कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

इन बातों का रखना होगा ध्यान

एप के माध्यम से स्कूल परिसर से ही विद्यालय की फोटो क्लिक करनी होगी। फोटो में विद्यालय का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना चाहिए। एप के माध्यम से फोटो क्लिक करते ही विद्यालय की जियो लोकेशन, विद्यालयों के मध्य दूरी आदि स्वत: परिषद की वेबसाइट पर अपडेट हो जाएगी। सूचना अपलोड करने के बाद उसका प्रिंटआउट दो सेट में सुरक्षित रखें। सूचनाएं अपलोड हो जाने के बाद ब्लॉकवार जांच समिति गठित होगी, जो विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण करते हुए सूचनाओं का भौतिक सत्यापन करेगी। भौतिक सत्यापन के समय वेबसाइट से निकाले गए आधारभूत सूचनाओं के प्रिंटआउट का एक सेट जांच समिति को देना होगा।

परीक्षा केंद्र बनाने के लिए नियमानुसार होगा काम

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से वरीयता क्रम में पहले राजकीय माध्यमिक विद्यालय, फिर सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और इसके बाद वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र निर्धारित करने का नियम है। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर आधारभूत सूचनाओं को अपडेट कराया जाएगा। सूचनाएं अपलोड हो जाने के बाद डीएम के निर्देश पर समिति गठित कर केंद्रों का भौतिक सत्यापन करेगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button