Shahjahanpur News: बेला में रहेगा आयुर्वेदिक अस्पताल, बनेगा नया भवन


खुटार के गांव बेला का राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल। संवाद
खुटार (शाहजहांपुर)। राजकीय आयुर्वेदिक और यूनानी अस्पताल अब बेला में ही संचालित होगा। कुछ समय पहले हुए नए सीमांकन के कारण इसका कामकाज पीलीभीत से होना शुरू हो गया था, अब शाहजहांपुर से ही होगा। अस्पताल का वित्तीय और प्रशासनिक नियंत्रण पीलीभीत से हटाकर शाहजहांपुर के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक और यूनानी अधिकारी को दिया गया है। इससे क्षेत्र के लोग खुश हैं।
खुटार के गांव बेला में राजकीय आयुर्वेदिक, यूनानी अस्पताल है। अस्पताल के नाम गांव में भूमि भी राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। इस अस्पताल से बेला, तुलापुर, ढाका, नवदिया नवाजपुर, भरकलीगंज समेत दो दर्जन गांवों के लोगों को लाभ मिलता है। अस्पताल स्वीकृत होने के समय बेला का डाकघर जोगराजपुर था। शाहजहांपुर के 94 गांव पीलीभीत में शामिल होने पर जोगराजपुर, पीलीभीत में शामिल हो गया लेकिन बेला अब भी शाहजहांपुर में है। जोगराजपुर के पीलीभीत में समाहित होने पर त्रुटिवश राजकीय आयुर्वेदिक और यूनानी अस्पताल का संचालन पीलीभीत से शुरू कर दिया गया। बेला के नाम से अस्पताल होने और पीलीभीत से संचालन होने के कारण अस्पताल विकसित नहीं हो पा रहा था।
शासन ने अस्पताल भवन के लिए बजट भी आवंटित कर दिया था, लेकिन संचालन पीलीभीत और अस्पताल शाहजहांपुर जनपद में होने के कारण भवन नहीं बन पा रहा था। उधर, पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने अस्पताल को जोगराजपुर में संचालित करने के लिए पत्राचार किया था। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हो गए। खुटार प्रथम से जिला पंचायत सदस्य पूजा मिश्रा और भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य प्रवीण मिश्रा ने स्वास्थ्य मंत्री सहित तमाम अधिकारियों को पत्र लिखकर अस्पताल का संचालन गांव बेला में ही कराने और नवीन भवन बनवाने और संचालन का दायित्व पीलीभीत से हटाकर शाहजहांपुर किए जाने की मांग की थी।
अब आयुष विभाग की प्रमुख सचिव लीना जौहरी ने अधिकारियों को भेजे पत्र में अवगत कराया है कि राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल अब बेला के नाम से जाना जाएगा और बेला में ही रहेगा। अस्पताल का वित्तीय और प्रशासनिक नियंत्रण पीलीभीत से हटाकर शाहजहांपुर के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक और यूनानी अधिकारी को दिया गया है। प्रमुख सचिव के आदेश पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है।
नवीन भवन बनने का रास्ता साफ
बेला के राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल का भवन बनने के लिए जगह और धन पहले से ही उपलब्ध है। अस्पताल के जनपद शाहजहांपुर में होने और संचालन पीलीभीत से होने के कारण यहां नवीन भवन नहीं बन पा रहा था और स्वास्थ्य सेवाएं भी विकसित नहीं हो पा रहीं थीं। अब नवीन भवन बनने का रास्ता साफ हो गया है। इससे खुटार के इस दूरदराज वाले क्षेत्र में भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है।