Shahjahanpur News: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत

मृतक आशीष का फाइल फोटो
शाहजहांपुर। मदनापुर में बुधवाना रोड पर सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। बेटा अपनी मां को दवा दिलाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों हादसे के शिकार हो गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के गांव सहौरा निवासी आशीष (19) मदनापुर में 11वीं की पढ़ाई कर रहा था। साथ में वह बरेली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करता था। एक सप्ताह पहले ही वह कोचिंग से छुट्टी लेकर घर आया था। सोमवार को वह गेहूं का बीज लेने के लिए बाइक से मदनापुर आया। उसकी मां नन्ही देवी (55) भी बुखार की दवा लेने के लिए उसके साथ चली आईं।
शाम करीब पांच बजे वह घर लौट रहे थे। गढि़या रंगीन और बुधवाना रोड पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ देर में आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में नन्हीं देवी ने दम तोड़ दिया। आशीष छह भाई-बहनों में चौथे नंबर का था।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ : हादसे के बाद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इस दौरान भाग रहे पिकअप चालक को भीड़ ने पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। चालक मंझा महोलिया गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मृतक आशीष का फाइल फोटो