Shahjahanpur News: एमडीएम में कीड़े होने की जांच करने पहुंचे बीएसए
शाहजहांपुर। भावलखेड़ा के प्राथमिक विद्यालय टिक्कल में एमडीएम (मध्याह्न भोजन) में प्रयुक्त आटा और चावल में कीड़े निकलने के मामले में मंगलवार को बीएसए रणवीर सिंह ने स्कूल में पहुंचकर जांच की हैं। उन्होंने आटा गूंथने वाली महिला और शिक्षक-शिक्षिकाओं के बयान भी लिए हैं। प्रथमदृष्टया आटा गूंथने वाली महिला को दोषी पाया गया है। साथ ही शिक्षामित्रों की गुटबाजी भी सामने आई है।
सोमवार को अहमदपुरा निवासी सर्वेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अभिभावकों ने बीएसए को ज्ञापन दिया था। वे वीडियो भी लेकर पहुंचे, जिसमें एक महिला प्रयोग होने वाले आटे को गूंथ रही थी। उसमें कीड़े थे, साथ ही चावल में भी कीड़े दिख रहे थे। वीडियो को देखकर बीएसए रणवीर सिंह मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय टिक्कल पहुंच गए। इस बीच उन्होंने आटा गूंथने वाली महिला के साथ ही प्रधानाध्यापिका और शिक्षक, शिक्षिकाओं से पूछताछ कर बयान दर्ज किए।
बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि जांच में आटा गूंथने वाली महिला को प्रथमदृष्टया दोषी पाया गया है। उसका कहना है कि उसने खाना नहीं बनाया। आटा और चावल पुराना होने की वजह से कीड़े हो गए हैं। इसको वह फेंक नहीं पाई। बीएसए ने कहा कि पुराना आटा और चावल रखना भी दोष सिद्ध करता है।
बीएसए ने यह भी बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। शिक्षामित्रों की गुटबाजी सामने आई है। पूरी जांच होने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। बच्चों की सेहत के साथ खिलबाड़ नहीं होने दी जाएगी। उनके साथ एमडीएम के जिला समन्वयक निश्चय सिंह, लिपिक अंकुर श्रीवास्तव भी रहे।