शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: सराफा व्यापारी को सौतेले भाई ने मारी गोली, मौत

Connect News 24

Bullion merchant shot dead by step brother

पुवायां के संकल्प गुप्ता का फाइल फोटो

पुवायां। नगर निवासी सराफा व्यापारी संकल्प गुप्ता दुकान पर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिजन उनको पुवायां सीएचसी ले गए। सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मां की तहरीर पर सौतेले भाई अमित पर संपत्ति विवाद में हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

मोहल्ला कसभरा आढ़त निवासी 28 वर्षीय संकल्प गुप्ता बुधवार को मेन मार्केट में स्थित अपनी सराफा की दुकान करीब 9.30 बजे खोलने गए थे। इस बीच उनका सौतेला भाई अमित गुप्ता उर्फ हप्पू मौके पर आ पहुंचा। संपत्ति विवाद के चलते अमित ने संकल्प को तमंचे से गोली मार दी और भाग निकला।

गोली चलने की आवाज सुनकर मार्केट के कई व्यापारी उनकी दुकान पर पहुंचे। संकल्प गुप्ता के कंधे के पास गोली लगी थी। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे और घायल संकल्प को सीएचसी ले गए। हालत गंभीर होने के कारण संकल्प को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उनको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। सीओ पंकज पंत ने आरोपी से पूछताछ करने के बाद मौका मुआयना किया है।

संकल्प गुप्ता की मां प्रेमलता ने अपने सौतेले पुत्र अमित उर्फ हप्पू के खिलाफ संपत्ति विवाद में गोली मारने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घटना के पीछे के कारणों की जानकारी के लिए संकल्प गुप्ता के परिजन से भी बात की है। सीओ ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को पकड़ लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

संपत्ति को लेकर घर में अक्सर होता था विवाद

– पहली पत्नी ने गोली मारकर कर ली थी आत्महत्या

संवाद न्यूज एजेंसी

पुवायां। संकल्प के पिता बद्रीप्रसाद गुप्ता की पहली पत्नी किरन देवी ने खुद को गोली मार ली थी। इसके बाद बद्रीप्रसाद ने प्रेमलता से दूसरी शादी कर ली। सौतेले भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।

बद्रीप्रसाद की किरन देवी से चार संतानें हैं। प्रेमलता के तीन संतानें हैं। किरन और प्रेमलता की संतानों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद होने के बाद अमित शिमला जाकर रहने लगा था। शिमला में वह किसी दवा कंपनी में काम करता था, जिससे बमुश्किल खर्च चल पाता था। उधर, प्रेमलता के पुत्र संकल्प ने सराफा की दुकान खोल रखी थी। अमित तीन दिन पूर्व पुवायां आया था और संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था। बात नहीं बनने से वह काफी क्षुब्ध था। इसी कारण उसने संकल्प को दुकान खोलने के दौरान करीब 9.30 बजे गोली मार दी।

उधर, अमित के पिता बद्रीप्रसाद का कहना है कि अमित को उसकी सौतेली मां प्रेमलता ने घर से निकाल दिया था। उनकी और प्रेमलता की पुत्री गोलू का ससुराल में विवाद होने पर पुत्री मायके आकर रहने लगी। पुत्री और उनसे नाराज पत्नी ने उन्हें भी घर से निकाल दिया था। वह ढाई वर्ष से किराए पर हैं। उधर, संकल्प की पत्नी पल्लवी गुप्ता ने ससुर के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि अमित दो लाख रुपये लेकर अलग हो गया था। उनके ससुर अब भी अमित को चुपचाप पंद्रह सौ रुपये महीना देते थे। मंगलवार को अमित शराब के साथ पकड़ा गया था। ससुर ने ही उसे छुड़ाया था। अमित को न छुड़ाया जाता तो वह पति को गोली नहीं मार पाता।

पुलिस के साथ तमाम लोग आरोपी की तलाश में जुटे

– दो बच्चों ने दी लोकेशन, पुलिस ने दिया पुरस्कार

संवाद न्यूज एजेंसी

पुवायां। गोली मारने के बाद अमित मौके से भाग निकला था। थाने से कुछ ही दूर वारदात होने के चलते पुलिस को भी जल्द ही खबर मिल गई थी। सीओ पंकज पंत, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय सहित थाने की पूरी फोर्स आरोपी की तलाश में जुट गई। नगर के 50 से अधिक लोग भी पुलिस की मदद में लग गए। काफी देर तक तलाश के बाद भी आरोपी का पता नहीं चल सका।

इस बीच साइकिल चलाना सीख रहे दो बच्चे रास्ते पर आते दिखे। इंस्पेक्टर ने बच्चों को आरोपी का फोटो दिखाया तो बच्चों ने बताया कि फोटो वाला व्यक्ति कुछ दूर आगे कीचड़ से सनीं चप्पलें साफ कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

थैले में दो तमंचे लेकर पहुंचा था आरोपी

पुलिस ने अमित गुप्ता के पास से दो तमंचे बरामद किए हैंं। अमित ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसे पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं दिया गया था। दूसरी मां ने सारी संपत्ति अपने कब्जे में कर ली थी। वह आठ हजार रुपये महीने की नौकरी कर रहा था, जिससे बमुश्किल गुजर होती थी। वह कई बार संपत्ति में हिस्सा देने की मांग कर चुका था, लेकिन उसका वाजिब हक उसे नहीं मिल रहा था। उसने तीन दिन पूर्व ही संकल्प को मारने का मन बना लिया था। इसके तहत उसने दो तमंचों की व्यवस्था की। दोनों तमंचे लोड थे। अगर एक मिस हो जाता तो वह दूसरे तमंचे से गोली मार देता। आरोपी ने कहा कि अगर आज वह संकल्प को न मार पाता तो अगले दिन खुद ही जहर खाकर जान दे देता।

मंगलवार की शाम शराब के साथ पकड़ा गया था अमित

मंगलवार को सिपाही सुंदरलाल और शरद बनौधा ने कांशीराम कॉलोनी के पास से अमित को दस लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ा था। पिता बद्रीप्रसाद आदि ने अमित को मंगलवार रात जमानत पर छुड़ाया था। बुधवार की सुबह अमित ने सौतेले भाई की गोली मारकर हत्या कर दी।

अमित ने अपने सौतेले भाई संकल्प को गोली मार दी थी। राजकीय मेडिकल कॉलेज में संकल्प को मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी को अपराह्न में ही पकड़ लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

– संजीव वाजपेयी, एसपी ग्रामीण शाहजहांपुर

पुवायां के संकल्प गुप्ता का फाइल फोटो

पुवायां के संकल्प गुप्ता का फाइल फोटो

पुवायां के संकल्प गुप्ता का फाइल फोटो

पुवायां के संकल्प गुप्ता का फाइल फोटो


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button