शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: दस घंटे तक रोडवेज अड्डे से नहीं होगा बसों का संचालन

Connect News 24

शाहजहांपुर। बारावफात के मौके पर जुलूस-ए-मोहम्मदी बृहस्पतिवार को निकाला जाएगा। जुलूस को देखते हुए पूरे शहर की यातायात व्यवस्था परिवर्तित रहेगी। इस दौरान करीब दस घंटे तक बसों का संचालन रोडवेज अड्डे से नहीं होगा। जुलूस को देखते हुए जरूरी न हो तो घर से निकलने से परहेज करें। अन्यथा जाम में फंसने की संभावना रहेगी।

स्टेशन वाली मस्जिद से सुबह आठ बजे जुलूस प्रारंभ होकर जलालनगर बजरिया, दिलाजाक होते हुए पुवायां रोड, रोडवेज बस अड्डा, कवि तिराहा, लाल इमली चौराहा होते हुए घंटाघर के पीछे समाप्त होगा। जुलूस के दौरान हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर होंगे। इसके चलते यहां से निकलना मुश्किल होगा।

भीड़ को देखते हुए पुलिस ने जुलूस के दौरान रूट पर आवागमन को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया। यानी सुबह पांच बजे से करीब एक बजे तक रूट पर वाहनों के चलने पर पाबंदी रहेगी। इसी तरह बस स्टैंड से बरेली मोड़ को जाने वाले सभी ऑटो, टैक्सी आदि वाहन को बस स्टैंड से पीडब्ल्यूडी तिराहे से जीआईसी, हथौड़ा होकर रवाना किया जाएगा।

जुलूस के दौरान मालखाना मोड़ से अंजान चौराहा की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सीओ यातायात जगदीश लाल टम्टा ने बताया कि रोडवेज बसों का संचालन सुबह पांच बजे से तीन बजे तक स्टैंड से नहीं किया जाएगा। इस अवधि में मोहम्मदी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर को जाने वाली बसों को हथौड़ा चौराहे से संचालित किया जाएगा। बरेली-फर्रुखाबाद को जाने वाले सभी रोडवेज की बसें बरेली मोड़ से चलेंगी।

यह है रूट डायवर्जन

– बरेली मोड़ से बस स्टैंड की तरफ आने वाले सभी वाहन बरेली मोड़ से राजघाट से केरूगंज से अंटा चौराहा से होकर आगे जाएंगे।

– निगोही की ओर से आने वाले सभी छोटे व भारी वाहन सुबह छह से दोपहर तीन बजे तक गदियाना चुंगी पर रोक लिए जाएंगे।

-पुवायां की ओर से आने वाले छोटे व भारी वाहन सुबह छह से लेकर दोपहर तीन बजे तक मछली मार्केट तिराहा पर रोके जाएंगे।

– इसी तरह छोटे वाहन रामनगर मोड़ से डिपो मोड़ होकर निकालने की तैयारी है।

– मोहम्मदी, सीतापुर की तरफ से आने वाले सभी वाहन हथौड़ा चौराहा पर रोके जाएंगे।

इन रूट पर चलेगी रोडवेज बसें

-पुवायां, मैलानी, बंडा, पूरनपुर की ओर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन सुबह छह से दोपहर तीन बजे तक मछली मार्केट तिराहा से होगा।

-शाहजहांपुर से हरदोई की ओर जाने वाली निजी बसें इस अवधि में हरदोई चौराहा से चलेंगी।

-खाद्य विभाग के सभी ट्रक नगर क्षेत्र में आने पर रोक रहेगी।

इन रूट से चलेंगी ई-बसें

इलेक्ट्रिक बसे सुबह पांच से दोपहर तीन बजे तक रोडवेज बस स्टैंड नहीं आएंगी। पुवायां, बंडा, सिंधौली और निगोही की तरफ जाने वाली बसों का संचालन मछली मार्केट तिराहा से होगा। इसी तरह हथौड़ा चौराहा, मोहम्मदी, बरेली मोड़ और कांट की तरफ जाने वाली बसों का संचालन हथौड़ा चौराहा से करने की तैयारी है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button