Shahjahanpur News: सीएम चाहते हैं बंद हों अवैध टैक्सी स्टैंड… स्थानीय नेता ढाल बन रहे

पुवायां में शाहजहांपुर रोड पर हाईवे पर मैजिक खड़ा कर सवारी भरते मैजिक चालक। संवाद
पुवायां। मुख्यमंत्री के हाईवे पर टैक्सी स्टैंडों और डग्गामार वाहनों का संचालन बंद करने और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश पर पुलिस ने दो दिन सख्ती दिखाई। अब पुलिस ने कार्रवाई रोक दी हैै। अवैध स्टैंड और वाहन फिर से चलने लगे हैं। दरअसल, स्थानीय नेता इनकी ढाल बन गए हैं।
नेताओं की शह पर धौंस दिखाते हैं टैक्सी चालक पुवायां में दो दिन तक हाईवे पर डग्गामार वाहन सवारियां बैठाते नहीं दिखे थे, लेकिन पुलिस सूत्रों के अनुसार दो नेताओं ने वाहन स्वामियों का पक्ष लेते हुए पुलिस से वाहन चलने देने को कह दिया। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई बंद हो गई है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि तमाम वाहन नेताओं के चहेतों के चल रहे हैं। ये खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। वाहन रोकते ही नेता का फोन आ जाता है और वाहन को छोड़ना पड़ता है। कई बार तो वाहन पकड़ते समय ही चालक ही धौंस देता है कि वाहन फलां नेता का है।
दो दिन बंद कराकर क्या कर लेंगे खुटार में पुलिस ने बुधवार को दो वाहनों का चालान किया। दोनों वाहन थाने में खड़े करा लिए। इससे बौखलाए सत्तापक्ष के एक नेता ने थाने के सामने मजमा लगाकर कहा कि एक-दो दिन वाहन चलना बंद कराने से क्या हो जाएगा। उधर, खुटार में एक अवैध टैक्सी स्टैंड चलाने वाला भी अवैध वसूली बंद कराने का चैलेंज देता घूम रहा है। खुटार में बुधवार को भी गोला, मैलानी, पूरनपुर, बंडा, पुवायां रोड पर हाईवे किनारे वाहन खड़े कर सवारियां ले जाई जाती रहीं। अवैध वसूली भी जारी रही। थाना प्रभारी ओमप्रकाश का कहना है आज दो वाहन पकड़े गए हैं। लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बंडा में भी दौड़ रहे हाईवे पर डग्गामार वाहन
बंडा में पुवायां, पूरनपुर, बिलसंडा हाईवे और खुटार रोड पर खुलेआम मैजिक, टेंपो, जीप आदि चल रहे हैं। चालक रोड पर ही वाहन खड़े कर सवारियां बैठाते हैं। बंडा में कोई भी टैक्सी स्टैंड की जगह नहीं हैं, लेकिन अवैध रूप से वसूली बंडा से जाने वाले प्रत्येक मार्ग पर की जा रही है। पुलिस के नाम पर भी वसूली हो रही है। पहले की अपेक्षा वाहन कुछ कम चले रहे हैं। नेताओं के चहेते वाहनों को खुलेआम चलवा रहे हैं। पुलिस ने एक भी ठेकेदार को पकड़ने और वाहनों पर कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी है।
वर्जन
अभियान चल रहा है। रोजाना कार्रवाई हो रही है। हाईवे पर वाहनों को खड़ा कर सवारियां भरीं तो कार्रवाई होगी। टैक्सी स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली की कहीं से शिकायत नहीं मिली है। – पंकज पंत, सीओ पुवायां -मुख्यमंत्री के आदेश का पुलिस-प्रशासन को हरहाल में अनुपालन कराना होगा। मैं अभी जिले से बाहर हूं। दो दिन में यदि आदेशों के अनुसार कार्रवाई नहीं की गई तो अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। – कृष्णचंद्र मिश्रा, जिलाध्यक्ष भाजपा शाहजहांपुर

पुवायां में शाहजहांपुर रोड पर हाईवे पर मैजिक खड़ा कर सवारी भरते मैजिक चालक। संवाद