Shahjahanpur News: नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी डीसीएम, चालक की मौत

तिलहर में हाईवे पर डिग्री कॉलेज के सामने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम
तिलहर। रामपुर से शराब भरकर कानपुर जा रही डीसीएम लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिग्री कॉलेज के सामने सड़क के किनारे खराब खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में चालक डीसीएम में ही फंस गया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी से गेट तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया। उपचार के दौरान डीसीएम चालक बाबूराम निवासी ग्राम जौलपुर थाना पटवाई जिला रामपुर की मौत हो गई।
शनिवार की रात लगभग 10:30 बजे हाईवे स्थित डिग्री कॉलेज के सामने शाहजहांपुर की ओर जा रहा ट्रक अचानक खराब हो गया। चालक ने इंडिकेटर जलाकर पीछे घास-फूंस बांधकर ट्रक को खड़ा कर दिया। कछियानी खेड़ा स्थित मंदिर के महंत बाबा राम लखन गिरि ने बताया कि रात लगभग 1:45 बजे डीसीएम ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में चालक डीसीएम के अगले हिस्सा में ही फंस गया। आवाज सुनकर लोग पहुंचे। दोनों गेट बंद होने के कारण चालक को अकेले नहीं निकाला जा सका। पुलिस की मदद से जेसीबी मंगाकर डीसीएम का गेट तोड़कर लगभग एक घंटे बाद बमुश्किल चालक को बाहर निकाला जा सका। उसके दोनों पैर टूट गए थे। माना जा रहा है कि हादसा चालक को झपकी आ जाने के कारण हुआ।
एसआई यतेंद्र सिंह ने बताया कि गंभीर अवस्था में चालक बाबूराम को सीएचसी पर लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर मृतक के बड़े भाई ओंकार, राकेश पाल और ग्राम प्रधान जयप्रकाश थाने पहुंचे। ओमकार ने बताया कि रामपुर डिस्टिलरी से उसका भाई बाबूराम अंग्रेजी शराब लेकर कानपुर जा रहा था।