शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: खुटार में तंबू वाले दवाखाने में मिला अज्ञात महिला का शव

Connect News 24

Body of unknown woman found in tented dispensary in Khutar

खुटार में इसी दवाखाने में मिला महिला का शव

खुटार (शाहजहांपुर)। रोड किनारे तंबू लगाकर दवा बेचने वाले कनात के अंदर एक 35 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला है। शव में कीड़े पड़ जाने के चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की कई दिन पहले मौत हो चुकी है।

खुटार कस्बे के मेन मार्केट से तिकुनियां चौराहे जाने वाले मार्ग किनारे कुछ दिन पूर्व खानदानी आयुर्वेदिक दवाखाना के नाम से एक परिवार के लोगों ने तंबू लगाया था। यहां देशी दवा से तमाम रोगों के इलाज का दावा कर दवाएं बेची जा रहीं थीं। आसपास के लोगों ने बताया कि दवाखाना एक दंपति चलाते थे और उनके साथ एक बच्चा भी था। कई दिन से दवाखाना बंद था, लेकिन लोगों ने ध्यान नहीं दिया। रविवार को दवाखाने के तंबू के अंदर से काफी दुर्गंध आने पर किसी ने अंदर देखा तो एक महिला का शव पड़ा था। दवाखाना चलाने वाले लोग गायब मिले।

थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि महिला का शव मिलने के बाद जांच की जा रही है। शव सड़ चुका है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण पता चलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला के बारे में जानकारी के साथ ही दवाखाना चलाने वालों का भी पता लगाया जा रहा है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जिसका शव मिला है, वह महिला दवाखाना चलाने वाले के साथ थी या फिर काेई अन्य महिला है।

नहीं मिला पहचान का कोई साक्ष्य

तंबू से महिला की पहचान का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। तंबू में देशी दवाएं, जड़ी बूटी आदि रखी मिली हैं। तंबू के ऊपर से बिजली लाइन के एक तार में कटिया फंसी मिली है। बिजली जलाने के लिए अर्थिंग जमीन से ली गई थी। तार जमीन के अंदर तक गया हुआ मिला है। इससे महिला की मौत करंट से होने की आशंका जताई जा रही है। उधर, दवाखाना चलाने वालों के गायब होने और तंबू से कोई कागजात आदि नहीं मिलने से लोग महिला की हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। शव अत्यधिक सड़ जाने से प्रथम दृष्टया हुई जांच में कई चीजें स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। तंबू लगाने वाले कौन और कहां के थे, इसका भी पता नहीं चल सका है।

विधायक मौके पर पहुंचे, ली जानकारी

विधायक चेतराम क्षेत्र भ्रमण के बाद वापस घर जाते समय मौके पर पहुंचे और थानाध्यक्ष ओमप्रकाश से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि घटना की बारीकी से जांच कर जल्द खुलासा किया जाना चाहिए।

राजस्थान के घुमंतू तंबू लगाकर करते हैं इलाज

क्षेत्र में पहले भी लोग देशी आयुर्वेदिक दवाखाना के नाम से तंबू लगाकर इलाज करने के लिए आते रहते हैं। अधिकतर मामलों में तंबू लगाकर इलाज करने वाले राजस्थान के घुमंतू परिवार होते हैं। यह लोग कस्बों में दस से 15 दिन तक दवाएं बेचते हैं, फिर दूसरे कस्बे में चले जाते हैं।

खुटार में अज्ञात महिला का तंबू से बरामद हुआ है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। दवाखाना संचालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

– पंकज पंत, सीओ पुवायां


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button