शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: मैलानी-फर्रुखाबाद रेलवे लाइन पर काम शुरू कराने की मांग

Connect News 24

Demand to start work on Mailani-Farrukhabad railway line

दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को मांग पत्र देते मि​थिलेश कुमार

पुवायां (शाहजहांपुर)। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार शुक्रवार को दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी से मिले और मैलानी रेलवे फर्रुखाबाद रेलवे लाइन सहित अन्य मामलों को लेकर पत्र सौंपा।

मिथिलेश कुमार ने चेयरमैन को बताया कि मैलानी-फर्रुखाबाद नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए सर्वे हो चुका है, लेकिन इस परियोजना पर अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। लगभग 150 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना के पूरा होने से लखीमपुर, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। क्षेत्र में व्यवसाय और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी। यह रेल लाइन सामरिक दृष्टिकोण से भी उपयोगी बन सकेगी। सैन्य छावनियों के कारण शाहजहांपुर और फतेहगढ़ जैसे सुरक्षा की दृष्टि से सामरिक केंद्रों का जुड़ाव सीधे मथुरा, आगरा, ग्वालियर, झांसी और टनकपुर स्थित छावनियों से होने से संवेदनशील रहने वाली उतरी सीमा को मजबूती मिल सकेगी। उन्होंने मैलानी-फर्रुखाबाद रेल लाइन के लिए धन अवमुक्त कर कार्य शुरू कराने की मांग की।

मिथिलेश कुमार ने चेयरमैन को बताया कि कोविड से पूर्व रोजा जंक्शन पर हावड़ा अमृतसर मेल, दून एक्सप्रेस, वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस, बीएसवी डीडीएन एक्सप्रेस आदि गाड़ियों का ठहराव होता था। कोविड के बाद से यह ट्रेनें रोजा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर नहीं रुक रहीं हैं। इससे रोजा क्षेत्र के लोगों को असुविधा होती है। जनहित में इन गाड़ियों का ठहराव रोजा में होना चाहिए। रेलव बोर्ड के चेयरमैन ने मांग पत्र पर विचार करने का आश्वासन दिया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button