Shahjahanpur News: चकबंदी में विभागीय कर्मियों पर धांधली करने का आरोप
जलालाबाद। खंडहर क्षेत्र के गांव कुंडरी में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में विभागीय कर्मियों द्वारा धांधली करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने दस सूत्री शिकायती पत्र मुख्यमंत्री को भेजा है। ग्राम प्रधान समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र में दूसरी टीम नियुक्त कर प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि चकबंदी प्रक्रिया के तहत सुविधा शुल्क के बिना जमीन के मूल्यांकन में धांधली की गई है। सहखातेदारों की जमीनों को तितर-बितर कर दिया गया। चकबंदी समिति की बैठकों के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई। गांव में खेल मैदान, पार्क, अनुसूचित जाति की आबादी आदि के लिए कोई भूमि चिन्हित नहीं की गई। सिंचाई के लिए नाले और खाद के गड्ढे के लिए जमीन नहीं छोड़ी गई।
आरोप है कि गांव में रिश्तेदारी होने के कारण रिश्तेदारों को अनुचित लाभ दिया गया। उन लोगों द्वारा मनमानी की शिकायत विभाग के उच्चाधिकारियों से की गई, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान रानू, चकबंदी समिति के पदाधिकारियों के अलावा ओमेंद्र पाल, रवि शंकर, रमेश चंद्र, सरोज देवी, वेदप्रकाश, अवधेश, उदित प्रताप सिंह, राकेश, मीरा देवी, रामबेटी, राजेंद्र सिंह समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।