Shahjahanpur News: दो सांड़ों की लड़ाई में एक के गिरने से दबे दिव्यांग की मौत

पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देता मृतक छोटे सिंह का भाई अनिल। संवाद
शाहजहांपुर। सांड़ों की लड़ाई के दौरान खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा नवादा निवासी छोटे सिंह (30) के ऊपर सांड़ आकर गिर गया। भारी-भरकम सांड़ से दबकर वह अधमरे हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
छोटे सिंह दोनों पैरों से दिव्यांग थे। रविवार की सुबह करीब सात बजे वह मकान के बाहर चबूतरे पर आकर बैठ गए थे। घर के सामने ही छुट्टा सांड़ लड़ने लगे। वह लड़ते हुए छोटे सिंह के नजदीक आ गए। इस बीच एक सांड़ के टक्कर मारने के बाद दूसरा सांड़ छोटे सिंह के ऊपर आ गिरा। वजनदार सांड़ के नीचे दबने से वह बेहोश हो गए। शोर-शराबा होने पर परिवार के लोग भी आ गए। सांड़ को काफी दूर खदेड़ दिया गया।
उधर, छोटे सिंह को गंभीर हालात में परिजन सीएचसी ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छोटे सिंह की शादी नहीं हुई थी। मां कमलेश व बड़ा भाई अनिल घटना से गमजदा हैं। अनिल ही दिव्यांग भाई की देखभाल करता था।
15 दिन के अंदर दूसरी घटना
खुदागंज क्षेत्र में छुट्टा जानवरों से लोग काफी ज्यादा परेशान हैं। लावारिस जानवर फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही ग्रामीणों पर भी हमलावर हो रहे हैं। गोशालाएं न होने के कारण जानवर सड़कों पर हादसाें का सबब बन रहे हैं। सांड़ के हमले के चलते 15 दिन के अंदर दो लोगों की मौत हो चुकी है। 16 सितंबर को खुदागंज के सिमौरा में जयवीर को सांड़ ने उछाल दिया था, जिससे वह बहगुल नदी में जा गिरे थे। डूबने से उनकी मौत हो गई थी।
छुट्टा पशुओं के हमले में अब तक हुईं मौतें
23 जनवरी 2023 – जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुंडरा के मजरा नौगवां में आलू की फसल की रखवाली करते समय रानी (50) पर छुट्टा पशुओं ने हमला कर दिया था। हमले में उसकी मौत हो गई थी।
12 जनवरी 2023 – नेशनल हाईवे पर लखीमपुर खीरी निवासी सर्वेश कुमार की कंटेनर से कुचलकर मौत हो गई। सांड़ों की लड़ाई के दौरान टक्कर लगने से वह कंटेनर के नीचे आ गया था।
12 मार्च 2023 – निगोही के अरेली गांव निवासी आकाशपाल 20 को दड़िया बाजार में सांड़ ने सींगकर मार घायल कर दिया। उसका साथी मनोज घायल हो गया। आकाश पाल की मौत हो गई
16 सितंबर 2023 – खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव सिमौरा निवासी किसान जयवीर (50) को पीछा करने के दौरान सांड़ ने उठाकर बहगुल नदी के कटान के पानी में फेंक दिया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
01 अक्तूबर 2023 – खुदागंज के खेड़ा नवादा निवासी दिव्यांग छोटे सिंह 30 के ऊपर लड़ते समय सांड़ गिर गया। उसकी दबकर मौत हो
09 जून 2022 – कटाह गांव के 12 वर्षीय शिवकुमार की सांड़ द्वारा पटके जाने से मौत हो गई थी।
11 सितंबर 2022 – दवा लेकर घर जा रहे बंडा के गांव पिपरिया हरिश्चंद्र के 35 वर्षीय कुलदीप की बाइक छुट्टा पशु से टकरा गई। हादसे में कुलदीप, उनकी पत्नी कन्यावती और पुत्र घायल हो गए। कन्यावती की इलाज के दौरान बरेली में मौत हो गई।
08 सितंबर 2022-बंडा के गांव बिरहना खुर्द निवासी महिपाल (28) की फसल की रखवाली करते समय छुट्टा पशु के हमले में मौत हो गई थी।
18 दिसंबर 2022 की रात परौर के गांव दमुलिया में फसल की रखवाली कर रहे भंवरपाल यादव (70) को सांड़ ने पटककर मार दिया था।
07 अगस्त 2022 को तिलहर के मोहल्ला मौजमपुर निवासी अनवर अली की 65 वर्षीय पत्नी जमूरत बेगम को सांड़ ने पटककर मार दिया था।
28 अगस्त 2022 को पुवायां के मोहल्ला छावनी निवासी 60 वर्षीय भूरेलाल कश्यप को उनके मकान के सामने सांड़ ने हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
छुट्टा पशु सामने आने से बाइक सवार की मौत
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा के इस्माइलपुर नवादा निवासी विजेंद्र (40) की बाइक के सामने निगोही के गनपतपुर गांव के पास अचानक से छुट्टा पशु आ गए। पशुओं से टकराने से विजेंद्र की मौके पर मौत हो गई। उसका साथी सुरेंद्र घायल हो गया।
विजेंद्र अपने भाई सुरेंद्र के साथ पुवायां की तरफ जा रहे थे। रास्ते में अचानक गोवंश के आने से बाइक टकरा गई। हादसे में विजेंद्र की जान चली गई। जबकि सुरेंद्र को काफी चाेट आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। विजेंद्र अपने पीछे पत्नी गीता, तीन बेटों अर्पित, अंकित व अमरजीत को छोड़ गया है। संवाद