Shahjahanpur News: बदायूं में आठ साल के मासूम की हत्या

मासूम का शव मिलने के बाद मौका मुआयना करते एसएसपी समेत पुलिस अफसर। संवाद
उझानी (बदायूं)। बहादुरगंज मोहल्ले से शुक्रवार शाम लापता आठ साल के मासूम आहिल का शनिवार सुबह सड़क किनारे मक्का के खेत में शव पड़ा मिला। पिता ने किसी रंजिश से इन्कार किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है।
आहिल पुत्र सरवर मियां के मोहल्ले में शुक्रवार शाम को पड़ोस के घर में शादी से पूर्व की रस्म से जुड़ा एक कार्यक्रम था। उस कार्यक्रम में महिलाएं गली में ढोलक बजाते हुए निकलीं तो आहिल भी उनके पीछे चल दिया। रात नौ बजे तक भी वह नहीं लौटा तो पिता सरवर, मां चंदवी ने उसकी खोजबीन शुरू की पर उसका कोई सुराग नहीं लगा।
शनिवार सुबह बदायूं निवासी कुलदीप शर्मा के बटाईदार सुखपाल के खेत में एक बच्चे का शव मिलने की जानकारी पाकर सरवर भी वहां पत्नी और बच्चों के साथ पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त आहिल की रूप में की। मासूम के शव पर कोई चोट के निशान नहीं थे, ऐसे में गला दबाकर हत्या की आशंका व्यक्त की गई।
जानकारी पाकर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और मौके से नमूने लिए। बाद में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव और सीओ शक्ति सिंह भी मौके पर पहुंचे। पिता सरवर से बात की, उन्होंने किसी से रंजिश से इन्कार किया। एसएसपी ने बताया कि घटना के वर्कआउट को पुलिस की टीमें लगी दी गईं हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
–
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को घटना के पर्दाफाश की उम्मीद
-एक युवक के साथ जाता दिख रहा है आहिल, युवक का चेहरा नहीं है साफ
-मक्का के खेत में आठ वर्षीय आहिल का शव मिलने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। आठ वर्षीय मासूम आहिल की हत्या के मामले में तहकीकात में जुटी एसओजी और कोतवाली पुलिस की टीम ने कुछेक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। अधिकतर कैमरों की फुटेज में कुछ खास हाथ नहीं लगा, लेकिन एक स्थान की फुटेज में बाईपास की ओर एक युवक के साथ मासूम जाता दिख रहा है। इसमें युवक का चेहरा साफ नहीं है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
आहिल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने बहादुरगंज मोहल्ला समेत बाईपास पर मानकपुर मोड़ से लेकर आसपास इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। मृत बालक के परिजनों और मोहल्ले के लोगों से भी जानकारी की।
इस दौरान एसओजी ने एक स्थान के फुटेज में आहिल जैसे हुलिये के बच्चे के साथ एक युवक को बाईपास की ओर जाते देखा। बताते हैं कि फुटेज में दिखने वाले युवक का चेहरा ज्यादा साफ नहीं है। पुलिस का कहना है कि बावजूद इसके उन्हें उम्मीद है वह जल्द ही आहिल के कातिल तक पहुंच जाएंगे।
–
मस्जिद के लाउडस्पीकर से की गई आहिल के लापता होने की घोषणा
शुक्रवार को आहिल जब घर नहीं लौटा तो उसकी मां चंदवी व्याकुल हो गईं। खाना पकाने के बाद वह मोहल्ले के उन तीन-चार घरों में गईं, जहां आहिल खेलने जाता था। जब कहीं पर भी मासूम का सुराग नहीं मिला तो वह अकेली ही बहादुरगंज मोहल्ले में एक मस्जिद में पहुंचीं। मस्जिद के मौलाना को उसने आहिल के लापता होने के बारे में बताया। उनके कहने पर मौलाना ने आहिल की गुमशुदगी के बारे में लाउडस्पीकर से अपील भी की।
–
कबाड़ खरीदने वाले से कौन रंजिश रखेगा साहब
पुलिस अफसरों ने मृतक के पिता सरवर मियां से जानकारी की उन्होंने किसी रंजिश से इन्कार किया। उनका कहना था कि उनके दो बेटियां और तीन बेटे थे। दोनों बेटियों का निकाह कर चुका है। बेटों में सबसे बड़ा शमीम मुंबई में मजदूरी करता है, तो 10 साल का रेहान कबाड़ खरीदने के काम में हाथ बंटाता है। बोला-गली-मोहल्लों में जाकर कबाड़ खरीदने का काम करता हूं, ऐसे में कोई मुझसे या फिर मेरे परिवार से किस बात की रंजिश रखेगा।
–
रुपये कम थे, शव घर ले जाने की आई दिक्कत
– मासूम आहिल का शव पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाने की व्यवस्था पुलिस स्तर से की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले जाने का नंबर आया तो कुछ लोगों ने सरवर से पूछा कि वाहन की व्यवस्था है। इस पर सरवर की आंखें भर आईं। उसने अपने पास पांच सौ रुपये होने की जानकारी देते हुए बताया कि रिश्तेदार की बाइक है, उसी से शव ले जाएंगे। लेकिन बाद में सरवर खुद ही किराये के वाहन का इंतजाम कर बच्चे के शव को ले गया।

मासूम का शव मिलने के बाद मौका मुआयना करते एसएसपी समेत पुलिस अफसर। संवाद

मासूम का शव मिलने के बाद मौका मुआयना करते एसएसपी समेत पुलिस अफसर। संवाद



