Shahjahanpur News: 7 घंटे नहीं आई बिजली, 13 हजार उपभोक्ता रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Mon, 29 Jan 2024 02:11 AM IST

खुटार के बिजली उप केंद्र पर मरम्मत का काम करते कर्मचारी। संवाद
खुटार। बिजली उप केंद्र पर मरम्मत कार्य के चलते रविवार को 13 हजार उपभोक्ता सात घंटे तक बिजली के लिए परेशान रहे। अब भी काम बचा है जो सोमवार को शटडाउन लेकर पूरा किया जाएगा।
खुटार में नए ट्रांसफार्मर लगाने, खंभे और लाइन बदलने का काम चल रहा है। गांवों में भी अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। बिजली उप केंद्र पर भी पुराने उपकरणों को बदलने का काम होना था। रविवार सुबह दस बजे बिजली सप्लाई बंद कर उपकरण बदलने का काम शुरू किया गया। इस कारण नगर और देहात क्षेत्र के सभी फीडरों पर बिजली सप्लाई बंद रही। शाम पांच बजे काम खत्म होने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू की गई।
जेई दिनेश कुमार ने बताया कि सोमवार को भी बिजली उप केंद्र पर उपकरणों को बदलने का काम जारी रहेगा। उपकरण बदलने के बाद आए दिन होने वाले फाल्टों से निजात मिलेगी और गर्मी के सीजन में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
