Shahjahanpur News: इनकमिंग पैनल में धमाका, 10 हजार घरों की बत्ती गुल

शाहजहांपुर में अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के पैनल को सही करते कर्मचारी
– रात दो बजे तक अंधेरे में करवटे बदलते रहे लोग, उपकेंद्र और जेई का फोन नहीं उठा
– बिजली गुल होने से जन्माष्टमी का मजा हुआ किरकिरा, लोगों ने ट्वीट कर नाराजगी जताई
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। जन्माष्टमी पर 33 केवीए लाइन में फॉल्ट को सही करने के दौरान अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र के इनकमिंग पैनल में धमाके के साथ आग लग गई। इससे करीब दस हजार घरों की बिजली गुल हो गई। सप्लाई नहीं आने से लोग गर्मी में परेशान रहे। उपकेंद्र और जेई के फोन नहीं उठाने पर लोगों ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर नाराजगी जताई।
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे 33 केवीए लाइन में फॉल्ट आने से अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र की बिजली गुल हो गई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर झांकी सजाने व चेहल्लुम पर ताजिया रखने वालों को उम्मीद थी कि सप्लाई सही हो जाएगी। इस बीच कर्मचारियों ने ककरा उपकेंद्र से सप्लाई को जोड़ा, पर लोड अधिक होने के चलते फीडर नहीं चल सके।
इंजीनियरों ने सप्लाई को बहाल कराने का प्रयास शुरू करते हुए लाइन पर गश्त शुरू किया। फाॅल्ट सही करने के दौरान अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र के इनकमिंग पैनल में धमाका होने के साथ आग लग गई। इससे खलबली मच गई। मिट्टी आदि डालकर आग पर काबू पाया गया। पैनल को सही कराने के प्रयास शुरू किए गए।
देर शाम तक बिजली नहीं आने पर लोग भड़क गए। उन्होंने उपकेंद्र पर फोन लगाए तो जवाब नहीं मिला। नतीजतन, कच्चा कटरा, रंगमहला, अजीजगंज समेत कई फीडरों के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली नसीब नहीं हो सकी। बिजली नहीं आने से त्योहार का मजा किरकिरा हो गया। भीषण गर्मी में लोग बेहाल रहे।
कुछ लोगों ने उपकेंद्र पर पहुंचकर नाराजगी जताई, लेकिन वहां से फाॅल्ट होने की बात कहते हुए हाथ खड़े कर लिए गए। लगातार चलने की वजह से इंवर्टर तक डाउन हो गए। रात 12 बजे के बाद दूसरा पैनल लगाकर वैकल्पिक व्यवस्था कर सप्लाई को बहाल किया गया।
–
दिन में बिजली नहीं आने से बिलबिलाए उपभोक्ता
रात में जैसे-तैसे सप्लाई को शुरू कराने के बाद बृहस्पतिवार को फिर सप्लाई बाधित हो गई। पैनल को सही करने के लिए कई घंटे तक बिजली नदारद रही। इसके चलते लोग परेशान रहे। लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। शाम करीब चार बजे दूसरा पैनल लगने के बाद आपूर्ति सही हो सकी।
रोजा और अस्पताल कॉलोनी में बिजली गुल
पैना से अब्दुल्लागंज आने वाली 33 केवीए लाइन में फाॅल्ट हो गया। अब्दुल्लागंज को ककरा से बिजली दी गई, लेकिन रोजा और अस्पताल में बिजली गुल रही। मरीजों की स्थिति को देखते हुए वहां पर जनरेटर से सप्लाई दी गई। जबकि कॉलोनी वाले परेशान रहे। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
अब्दुल्लागंज में बुधवार को फाॅल्ट आने के चलते बिजली गुल हो गई थी। कर्मचारियाें के प्रयास से आपूर्ति को बहाल करा दिया गया।
– अरविंद कुमार, एक्सईएन सिटी

शाहजहांपुर में अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के पैनल को सही करते कर्मचारी