Shahjahanpur News: बाइपास पर जुटे किसान, पैमाइश करने नहीं आई टीम

खुटार वाईपास पर राजस्व टीम का इंतजार करते किसान। संवाद
खुटार। लखनऊ-पलिया हाईवे के खुटार बाइपास पर किसान जमीन विवाद में सत्तापक्ष के नेताओं पर जमीन की गलत पैमाइश कराने का आरोप लगा रहे हैं। मंगलवार को पैमाइश की जानकारी पाकर तमाम किसान मौके पर पहुंच गए लेकिन राजस्व टीम के नहीं पहुंचने पर नारेबाजी की गई।
खुटार में बाइपास का निर्माण हो रहा है। इसकेे लिए जमीन की पैमाइश कर जमीन को एनएचएआई के सुपुर्द कर दिया गया था। कुछ दिन पूर्व बाइपास के पास सत्तापक्ष के कुछ नेताओं ने नींव भरवा दी। एनएचएआई और किसानों की सूचना पर सात अक्तूबर को लेखपाल ने पैमाइश की थी लेकिन किसानों ने गलत पैमाइश का आरोप लगाते हुए कहा था कि नेताओं को लाभ पहुंचाने की नीयत से बाइपास को उनके खेतों की ओर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उधर नींव भरवाने वालों ने जमीन को अपना ही बताया है।
पैमाइश के दौरान एनएचएआई और निर्माण करा रही कंपनी से जुड़े लोगों ने भी आपत्ति जताई थी। मामले की शिकायत प्रशासन से भी की गई थी। डीएम ने एसडीएम को टीम गठित कर पैमाइश कराने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को फिर से पैमाइश की सूचना पर तमाम किसान मौके पर जमा हो गए। देर शाम तक राजस्व टीम के नहीं पहुंचने पर किसानों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनुपम शुक्ला, अनुभव शुक्ला, शकुंतला देवी, ओरीलाल लाल, विवेक मिश्रा, शिवम मिश्रा, राजू मिश्रा समेत तमाम किसान भी मौजूद रहे।