Shahjahanpur News: पांच लोगों ने पुरानी रंजिश में की राजीव की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 30 May 2023 01:10 AM IST
जलालाबाद। बुधुआना रोड पर शनिवार रात मृत मिले गांव इमलिया खुर्द निवासी राजीव की मां सीमा देवी ने पुरानी रंजिश में बेटे की हत्या करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोमवार सुबह रिपोर्ट दर्ज न होने तक अंतिम संस्कार न करने की चेतावनी देते हुए परिजन ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सीमा देवी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि 27 मई की शाम गांव डहर निवासी बाबूराम और ब्रजकिशोर राजीव को घर से बाइक पर बैठाकर ले गए थे। रात नौ बजे उन्हें सूचना मिली कि राजीव की लाश बुधुआना रोड पर गांव भुड़िया चौराहे के पास पड़ी है। सीमा का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते बाबूराम और ब्रजकिशोर ने गांव इमलिया खुर्द निवासी कैलाश, रमेश और रमेश के भाई नरेश की मदद से राजीव की हत्या की है।
बाबूराम राजीव के गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौके से भाग गया था। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर परिजन सोमवार को घर के बाहर धरने पर बैठ गए थे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो नोकझोंक भी हुई। जलालाबाद थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि तहरीर के मुताबिक पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोपहर को परिजनों ने गांव स्थित खेत में राजीव का अंतिम संस्कार कर दिया।