Shahjahanpur News: शिवम के हत्यारों को तलाश करने में पुलिस की चार टीमें जुटीं
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Mon, 20 Nov 2023 12:51 AM IST
शाहजहांपुर। बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के दलपुरा गांव निवासी कार चालक शिवम गुप्ता के हत्यारों की तलाश में पुलिस की चार टीमों ने कई जगह पर छापे मारे। पुलिस को उनके दरवाजे पर ताले लटके मिले हैं। अधिकारियों का दावा है कि हत्याकांड में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। दो दिन में खुलासा कर दिया जाएगा।
15 नवंबर की रात शिवम ने अपनी मां को फोनकर सवारियां अधिक होने के चलते बरेली वाले घर पर रुकने की बात बताई थी। उसके बाद से फोन बंद हो गया था। शुक्रवार को दोपहर बाद उसका शव मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन के पीछे गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। उसके सिर में चोट के निशान मिले थे। लाइसेंस के जरिये शव की पहचान हुई थी।
मृतक के भाई प्रशांत गुप्ता ने बहनोई अक्षय गुप्ता, उसका भाई अर्जुन, मुकुल व पिता रामसेवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि बहन शिखा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने पर शिवम पैरवी कर रहा था। पुलिस की चार टीमों ने आरोपियों की तलाश को शुरू कर दिया है। टीमाें ने आरोपियों के घर पर छापामारा, लेकिन वहां ताला लटका मिला है। पुलिस ने हाईवे के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, जिसमें कुछ अहम सुराग मिलने की संभावना है। सीओ तिलहर प्रयांक जैन ने बताया कि दो दिन के अंदर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। आरोपियों की तलाश की जा रही है।