Shahjahanpur News: जूनियर इंजीनियर की लापरवाही से पटरी से उतरी थी मालगाड़ी

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 03 Jan 2024 12:47 AM IST

रोजा में पटरी से उतरे मालगाड़ी के पहिये। संवाद
शाहजहांपुर। सुल्तानपुर से आ रही मालगाड़ी के दो डिब्बों के पहिये रोजा में पटरी से उतरने के मामले में लखनऊ रेल मंडल के जूनियर इंजीनियर की लापरवाही सामने आई है। इन दोनों डिब्बों में भरे पत्थरों को ठीक से खाली नहीं कराया गया था। इस वजह से हादसा हुआ।
सोमवार को शाम 5 बजे रोजा रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी मुख्य लाइन से पांच नंबर लाइन पर लाई जा रही थी तभी प्वाइंट नंबर 202 पर मालगाड़ी के दो डिब्बों के पहिये पटरी से उतर गए। इसकी वजह से ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा था। इस दौरान राज्यरानी एक्सप्रेस को डाउन लाइन से निकाला गया था। शाम करीब 7:30 बजे ट्रैक क्लियर हुआ तब रेल यातायात बहाल हो सका था। मामले की जांच कर संयुक्त रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी गई है। इसमें लखनऊ मंडल के जूनियर इंजीनियर दोषी पाए गए। यातायात निरीक्षक विशाल कुमार सिंह ने बताया कि मालगाड़ी पत्थर लेकर आ रही थी। लखनऊ के पास मालगाड़ी खाली की गई जो वैगन पटरी से उतरा, उसे पूरी तरीके से खाली नहीं करवाया गया था। एक ओर पत्थर भरा होने से मुड़ते समय वैगन का चक्का पटरी से उतर गया। लखनऊ मंडल के जूनियर इंजीनियर ने पूरा वैगन खाली कराने में लापरवाही बरती थी।

