Shahjahanpur News: सोता रहा किराना व्यापारी का परिवार, घर में लाखों की चोरी

रोजा की आईटीआई कॉलोनी में सुग्रीव के घर में बिखरा पड़ा सामान। स्रोत-जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र की आईटीआई कॉलोनी निवासी व्यापारी सुग्रीव कुमार के मकान में घुसे चोरों ने अलमारी तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। चोर जीने के सहारे मकान में घुसे थे।
सुग्रीव का केरुगंज चौराहे के पास पानी का प्लांट है। मकान में ही वह किराने की दुकान भी चलाते हैं। शनिवार रात सुग्रीव और उनकी पत्नी दुकान के पीछे वाले कमरे में सोए थे। सुग्रीव के अनुसार, मकान के पीछे से चोर छत पर चढ़े और जीने के सहारे नीचे आकर कमरे में प्रवेश कर बक्से और अलमारी के ताले ताेड़ दिए। चोरों ने अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये, सोने की झुमकी, झाले, दो जोड़ी पायल, दो सोने की चेन, बच्चों की पायल आदि चोरी कर ली और फरार हो गए। सुबह साढ़े छह बजे जागे तो सारा सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। सुग्रीव ने क्षेत्रीय पार्षद अरुण सिंह व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए गए। सुग्रीव की तहरीर पर पुलिस ने चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
–
मकान बनवाने के लिए रखे थे रुपये
-सुग्रीव ने बताया कि मकान के निर्माण के लिए वह काफी समय से रुपये इकट्ठा कर रहे थे। चोर उनकी जमा-पूंजी लिए गए। पुलिस ने उन्हें दो दिन के अंदर चोरी के खुलासे का आश्वासन दिया है।
-तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
-अमित चौरसिया, सीओ सदर