Shahjahanpur News: भारतीय टीम की जीत के लिए करेंगे हवन-पूजन, बड़ी स्क्रीन में मैच दिखाने की व्यवस्था

सचिन बाथम
शाहजहांपुर। क्रिकेट विश्वकप-2023 के फाइनल को लेकर जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। भारतीय टीम की जीत के लिए दुआओं का दौर शनिवार शाम से ही शुरू हो गया। वहीं स्व. प्रयाग नारायण गुप्ता स्मृति धर्मशाला और खिरनीबाग स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में बड़ी स्क्रीन पर मैच दिखाने की तैयारी भी की जा रही है।
विश्वकप की मेजबानी 12 साल बाद भारत कर रहा है। रविवार को विश्वकप के फाइनल मुकाबले को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर है। शनिवार शाम को जीएफ कॉलेज के खेल मैदान में मयूर स्पोर्टिंग के खिलाड़ियों ने एकत्रित होकर भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामना संदेश दिया। मयूर खन्ना ने कहा कि विराट कोहली और शमी की वजह से सेमीफाइनल में जीत मिली थी, अब फाइनल भी जीतेंगे। पूरा हिंदुस्तान चाहता कि विश्व कप हमारा हो। उन्होंने बताया कि मोहम्मद शमी शाहजहांपुर की धरती पर खेल चुके हैं। शमी के पिता तौसीफ भी जीएफ कॉलेज के मैदान पर 25 साल पहले खेलने आते थे। शुभकामनाएं देने वालों में मनोज, अतुल, राहुल सक्सेना, टिल्लू, मनोज सक्सेना, मोनू, सिराज, रहीम, फुरकान, रिजवान, कबीर, इमरान आदि शामिल रहे।
मैच का बड़े स्क्रीन पर लेंगे लुत्फ
अल्हागंज पालिका के पूर्व चेयरमैन अनिल गुप्ता ने स्व. प्रयाग नारायण गुप्ता स्मृति धर्मशाला में मैच का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की है। यहां प्रोजेक्टर के माध्यम से बड़े परदे पर मैच देखा जाएगा। दर्शकों के लिए जलपान की भी व्यवस्था रहेगी। वहीं पुवायां में बंडा रोड स्थित गुप्ता ट्रेडर्स पर 65 इंची एलईडी पर फाइनल मैच देखने की व्यवस्था रहेगी। टेंट और कुर्सियों का इंतजाम किया गया है। खिरनीबाग स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में क्रिकेट का फाइनल देखने की व्यवस्था रहेगी। जलालाबाद में भी मैच को बड़ी स्क्रीन पर दिखाने की तैयारी है।
जीत के लिए करेंगे हवन-पूजन
भारतीय टीम की जीत के लिए ओसीएफ रामलीला मैदान में ब्रह्मदेव बाबा स्थान पर सुबह 10 बजे से हवन-पूजन किया जाएगा ईश्वर की कृपा से भारतीय टीम अच्छा खेल रही है, विश्वकप भी जीतेगी। – गजेंद्र गंगवार, क्रिकेट प्रेमी
बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने का है इंतजाम
खिरनीबाग स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में क्रिकेट का फाइनल देखने की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए बड़ी स्क्रीन लगवाई जाएगी। पूरी उम्मीद है भारत ही विश्वकप जीतेगा। – सचिन बाथम, व्यापारी नेता/ क्रिकेट प्रेमी
रंगारंग कार्यक्रम का होगा आयोजन
विश्वकप जीतने पर मयूर स्पोर्टिंग की ओर से नगर निगम में एक शाम भारतीय क्रिकेट टीम के नाम से रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए डीजे सिस्टम, गायक और नृत्य कलाकारों को निमंत्रण दिया गया है। – मयूर खन्ना
सभी कामों से छुट्टी ले ली
भारतीय टीम की बैटिंग हमेशा से अच्छी रही है, इस बार बॉलिंग भी बेहतरीन है। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम अब पहले की तरह मजबूत नहीं रही। फाइनल मैच को देखने के लिए छुट्टी ले ली है, फैमिली के साथ आनंद लेंगे। – अनुज गुप्ता
मेहमानों के साथ देखेंगे मैच
विश्वकप पर भारत का कब्जा हो, इसके लिए अल्लाह से दुआ कर रहे हैं। घर में शादी का माहौल है, ऐसे में मेहमान भी मौजूद हैं, सब साथ ही फाइनल देखेंगे। इसके लिए बड़ी एलईडी का इंतजाम कर लिया है। – फैसल रियाज

सचिन बाथम

सचिन बाथम

सचिन बाथम

सचिन बाथम