Shahjahanpur News: कंबाइन से दब कर हेल्पर की मौत, हत्या का आरोप

कंबाइन से दबकर गांव करनापुर के अकरम की मौत के मामले में पूछताछ करती पुलिस। संवाद
परिजन का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां। गांव करनापुर निवासी 20 वर्षीय अकरम की कंबाइन मशीन के नीचे दबने से मौत हो गई। वह कंबाइन पर हेल्पर का काम करते थे। अकरम के पिता सगीर खां ने कंबाइन चढ़ाकर पुत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
मंगलवार सुबह आठ बजे गांव सिरयाली के पास कंबाइन के नीचे दबकर अकरम गंभीर घायल हो गए। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिजन उनको पुवायां सीएचसी लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। कंबाइन स्वामी का कहना है कि अकरम कंबाइन से गिर गए, जिस कारण उनकी मौत हो गई।
उधर अकरम के पिता सगीर खां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र गांव सिरयाली के एक व्यक्ति की कंबाइन पर हेल्पर का काम करता था। 25 सितंबर को अकरम का कंबाइन स्वामी से झगड़ा हो गया था। 26 सितंबर की सुबह कंबाइन स्वामी ने रंजिश के चलते गांव सकरापुर निवासी कंबाइन के एक फोरमैन से कहकर उनके पुत्र को जान से मारने की नीयत से कंबाइन चढ़वा दी। इससे अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी पाकर वह पुत्र को सीएचसी लाए, जहां अकरम को मृत घोषित कर दिया गया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। तहरीर की जानकारी उनको नहीं है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।