Shahjahanpur News: दुग्ध उत्पादक तीन महिला कृषक का किया सम्मान

सम्मानित महिला कृषकों के साथ खड़े सीडीओ व अन्य अधिकारी। सूचना विभाग
दुग्ध विकास कार्यक्रम के तहत आयोजन
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश में दुग्ध विकास कार्यक्रम के तहत गाय के दूध में वृद्धि करने के लिए तीन महिला कृषकों को प्रोत्साहित करने के लिए नंदबाबा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विकास भवन सभागार में शुक्रवार को कार्यक्रम की अध्यक्षता करने हुए सीडीओ एसबी सिंह ने कहा कि विकास खंड स्तर पर पंजीकृत दुग्ध समिति के माध्यम से वर्ष भर में समिति के जिस सदस्य द्वारा 1500 लीटर या उससे अधिक गाय के दूध की आपूर्ति की जाती है, उसका चयन पुरस्कार के लिए किया जाता है। चयनित कृषक को 5100 रुपये डिमांड ड्राफ्ट एवं प्रतीक चिह्न के रूप में गाय एवं बछड़े के साथ नंदबाबा की मूर्ति पुरस्कार स्वरूप दी जाती है।
इसी क्रम में वर्ष 2021-22 में दुग्ध संघ द्वारा विकास खंड कांट की पंजीकृत दुग्ध समिति सिसोरी की सदस्य मनीशा देवी पत्नी राधेश्याम, विकासखंड तिलहर की पंजीकृत दुग्ध समिति बतलैया की सदस्य अनुपम गंगवार पत्नी शरद गंगवार और विकास खंड सिंधौली की पंजीकृत दुग्ध समिति ढकिया हमीदनगर की सदस्य आरती देवी पत्नी उदय कुमार मिश्रा को सम्मानित किया गया।