Shahjahanpur News: सरकारी विभागों की अंडरग्राउंड लाइनें हटें तो गति पकड़े रीवैम्प योजना
शाहजहांपुर। जिले के बिजली नेटवर्क को मजबूत करने के लिए रीवैम्प योजना नगरीय क्षेत्र में धरातल पर नहीं उतर सकी है। इसकी राह में सरकारी विभागों की अंडरग्राउंड लाइनें आ रहीं हैं। इसके चलते मुख्य सड़कों पर झुके बिजली के खंभे व तारों के जाल हादसों का सबब बन रहे हैं। योजना के तहत तेजी से काम कराने के लिए एक्सईएन ने संबंधित विभागों से पत्राचार कर अनुमति मांगी है।
जनपद में 165 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद बिजली के नेटवर्क को मजबूत किया जाना है। योजना के तहत नगरीय क्षेत्र में करीब 1500 बिजली के खंभे बदले जाने हैं। इसी तरह 200 किलोमीटर तक बंच लाइन को बदला जाएगा।
80 किलोमीटर एलटी की लाइन और 200 ट्रांसफांर्मर को भी लगाकर निर्बाध आपूर्ति को दिए जाने का लक्ष्य रखा गया था। रीवैम्प योजना का वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 26 अगस्त को पूजन कर शुभारंभ किया था। उसके बाद से काम के नाम पर सिर्फ खाना-पूर्ति की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, इंदिरा नगर कॉलोनी और ककरा में खंभे और बंच लाइन डालने का काम हुआ है। जबकि मुख्य सड़कों पर अब तक काम के नाम पर एक पोल तक नहीं लग सका है। नगर के नेटवर्क की राह में पानी की सप्लाई की लाइन, टेलीफोन के अंडरग्राउंड तार, सीवरेज लाइन आदि आ रहे हैं। खोदाई से पहले इन विभागों से अनुमति के लिए पत्राचार किया गया है।
–
ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहा काम पर शहर में खानापूर्ति
पुवायां, जलालाबाद समेत कई स्थानों पर काम को तेजी से कराया जा रहा है, जबकि नगरीय क्षेत्र में कार्यदायी संस्था के अफसर खानापूर्ति कर रहे हैं। यहां की मुख्य सड़कें अब भी बदहाल हैं। अधिकारियों के अनुसार घंटाघर से गोविंदगंज व घंटाघर से टेलीफोन एक्सचेंज होते हुए लाल इमली तक तारों को हटाकर बंच लाइन को डाला जाना है, यह कार्य फिलहाल शुरू नहीं हो सका है।
–
रीवैम्प योजना की रफ्तार अभी धीमी है, एक व्यवस्था के तहत अन्य विभागों से अनुमति मांगी गई। जल्द ही काम तेजी से शुरू होने की संभावना है।
– अरविंद कुमार, एक्सईएन नगर