Shahjahanpur News: नौ हजार बिजली मीटर खराब, जांच के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 05 Jan 2024 01:00 AM IST

शाहजहांपुर में एसई कार्यालय में बैठक को सम्बाेधित करते मुख्य अभियंता अनिल तिवारी। स्रोत-बिजली
शाहजहांपुर। जिले के नौ हजार बिजली के मीटर खराब होने के बावजूद उन्हें बदला नहीं जा रहा। मीटर रीडरों की भूमिका संदिग्ध लगने पर मुख्य अभियंता अनिल तिवारी ने एसई जेपी वर्मा को जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नए कनेक्शन पर तुरंत मीटर लगने के कार्य की सराहना की।
बृहस्पतिवार को एक दिवसीय दौरे पर आए मुख्य अभियंता अनिल तिवारी ने कृष्णानगर स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में मीटर विभाग की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि जिले के नौ हजार मीटर रीडरों द्वारा खराब दिखाए जा रहे हैं जिसकी दो महीने में जांच पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यदि मीटर खराब हैं तो उसे बदलवाकर रीडिंग से बिल बनवाए जाएं। मीटर की सीडिंग नहीं देने की शिकायतों पर नाराजगी जताई। बोले-विभाग की छवि को बेहतर बनाने के लिए मीटरों के लिए उपभोक्ताओं को दफ्तर के चक्कर नहीं कटवाएं जाए। मीटर लगाने की सारी प्रक्रिया को तुरंत पूर्ण करते हुए चले, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं उठाना पड़े। उन्होंने नए कनेक्शन में जल्द मीटर लगवाने पर एसई जेपी वर्मा की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कहा कि लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता लाई जाए। इस मौके पर एई पीसी सागर, पीयूष वर्मा, दुष्यंत कुमार, कर्ण सिंह आदि मौजूद रहे।