Shahjahanpur News: जांच में 55 हजार से अधिक मिले दोहरे मतदाता कार्ड


कोटेदारों को प्रशिक्षण देते अधिकारी। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान में अब तक 55 हजार से अधिक मतदाता डुप्लीकेट मिले हैं। इनके दो जगह से वोट बने हुए हैं। साफ्टवेयर से मामला पकड़े जाने के बाद इन लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। बीएलओ संबंधित मतदाता के घर जांच करने जाएंगे।
लोकसभा सामान्य चुनाव- 2024 के मद्देनजर सात अक्तूबर से मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। अभियान नौ दिसंबर तक चलेगा। इसमें नए वोटर जोड़ने और मृत या स्थानांतरित हुए वोटरों के नाम काटने का काम किया जा रहा है। जिले में अब तक 55,827 मतदाता के दो जगह से वोटर होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 4,147 मतदाता ऐसे हैं जिनके नाम और पिता के नाम समान हैं। इनमें से 3663 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं 51,680 मतदाता ऐसे मिले हैं, जिनके फोटो एक जैसे हैं। इनमें 35,402 मतदाताओं को नोटिस जारी कर दिया गया है।
बीएलओ 15 दिन में जांच करके देंगे रिपोर्ट
जिन लोगों को नोटिस जारी हुए हैं, उनकी जांच 15 दिन के अंदर बीएलओ उनके आवास पर जाकर करेंगे। मतदाता वर्तमान में जहां रह रहे हैं, वहां की मतदाता सूची में उसका नाम जोड़ा जाएगा और दूसरी जगह से हटा दिया जाएगा। मतदाता सूची पांच जनवरी को प्रकाशित होना प्रस्तावित है। इससे पहलेे यह प्रक्रिया पूरी होनी हैं।
जिन मतदाताओं के दो स्थानों से वोटर आईडी कार्ड बने हैं, उनकी जांच बीएलओ के माध्यम से 15 दिन के अंदर कराई जा रही है। मतदाता का नाम एक स्थान की सूची में ही रखा जाना है। – संजय कुमार पांडेय, एडीएम प्रशासन व उप निर्वाचन अधिकारी
युवाओं को वोटर बनाने की जिम्मेदारी कोटेदारों पर
शाहजहांपुर। कोटेदार नए मतदाता बनाने में प्रशासन का सहयोग करेंगे। इसके लिए बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर ने गांधी भवन प्रेक्षागृह में कोटेदारों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि वे ऐसी यूनिट छांटें जो 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हैं। साथ ही ऐसे यूनिट भी छांटनी हैं जो अब तक वोटर नहीं बन सके हैं। पात्र लोगों को वोटर बनाने के लिए कोटेदार को फार्म भरवाने हैं। बृहस्पतिवार को गांधी भवन प्रक्षागृह में सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्र ने शाहजहांपुर व ददरौल विधानसभा के कोटेदारों को नए वोट बनवाने के लिए प्रशिक्षण दिया। साथ ही लोगों को जागरूक किया गया। संवाद