Shahjahanpur News: सियार ने छह लोगों को काटा, ग्रामीणों ने पीटकर मार डाला
मिर्जापुर। कस्बे सहित समीपवर्ती ग्राम मोहम्मदपुर गुलड़िया नईबस्ती और ग्राम तारापुर में आधा दर्जन महिला-पुरुषों को बुधवार देर रात करीब तीन बजे सियार ने काट लिया। सियार को ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। घायलों ने सीएचसी में एंटी-रैबीज वैक्सीन लगवाई है।
मिर्जापुर के रहने वाले हनीफ अली ने बताया कि उसके परिवार के शाहबाज अली, नवाब अली, उसकी पत्नी गुलशन दरवाजे के पास सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे सियार ने सो रहे लोगों को काट लिया। शोर सुनकर आए आसपास के लोगों ने सियार को घेरकर लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। वहीं नई बस्ती मोहम्मदपुर गुलड़िया निवासी लोकनाथ ने बताया कि उसके चचेरे भाई बटेश्वर और ग्राम तारापुर निवासी मनोज व टेनी को भी सियार ने काटकर घायल कर दिया। सियार के हमले से घायल सभी लोग खेत पर फसलों की रखवाली कर रहे थे।