Shahjahanpur News: दिसंबर तक सीवर लाइन का काम कराएगा जल निगम, फिर तय होगी आगे की कार्रवाई
शाहजहांपुर। निर्माण में लेटलतीफी पर जुर्माना लगाने के बाद शहर में जल निगम 31 दिसंबर तक संस्था से सीवर लाइन का काम कराएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मंगलवार को इस्लामिया स्कूल से अंटा मार्ग के साथ ही टाउनहाल रोड और छाया कुआं के पास सड़कों की खोदाई का काम चला।
सीवर लाइन बिछाने का काम जून 2023 तक पूरा कराया जाना था मगर आधा दिसंबर बीतने के बावजूद अभी 15 फीसदी कार्य शेष रह गया है। कार्य में सुस्ती के कारण कार्यदायी संस्था टेक्नोक्राफ्ट पर दो करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
– जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक अंटा से खिरनीबाग चौराहा तक सीवर लाइन का काम लगभग पूरा हो गया है। अब सिर्फ कनेक्टिविटी का काम होना है। इसके बाद 25 दिसंबर से कचहरी के सामने सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई शुरू होगी। इसको रात में ही कराए जाने की तैयारी है। जल निगम के सहायक अभियंता प्रवीण कुमार के अनुसार यहां पर गहराई कम रहेगी। इसलिए रात में अधिकतर काम पूरा करवा लिया जाएगा। इनके अलावा टाउनहाल रोड पर रॉयल पन्ना के सामने 10 मीटर में काम बाकी है। चारखंभा पर चौक की ओर से कनेक्टिविटी होनी है।
लक्ष्य के सापेक्ष शहर में सीवर लाइन बिछाने के लिए 31 दिसंबर तक काम करवाया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई व जिम्मेदारी उच्चाधिकारियों द्वारा तय की जाएगी। करीब 85 प्रतिशत काम पूरा करवा लिया गया है। अधिकांश कनेक्टिविटी का काम बाकी है। – प्रवीण कुमार, सहायक अभियंता, जल निगम