Shahjahanpur News: जलालाबाद का झुकैया वाला तालाब बनेगा अमृत सरोवर

इसी झुकैया वाले तालाब का होगा सुन्दरीकरण। संवाद
जलालाबाद। वार्ड मुश्ताकनगर के मोहल्ला यूसुफजई में गंदे पानी, कूड़ा-करकट व जलकुंभी से पटे रहने वाले झुकैया वाले तालाब को शासन ने अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने की मंजूरी दी है। साथ ही इस कार्य के लिए 27 लाख की पहली किश्त भी जारी हो गई है।
नगर के बीचोबीच स्थित करीब दो एकड़ से ज्यादा के रकबे में फैले तालाब का अमृत सरोवर योजना के तहत सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके लिए 1.72 करोड़ से ज्यादा का बजट स्वीकृत हुआ है। पहली किश्त जारी होने के बाद निर्माण कार्य संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए टेंडर भी हो चुका है। योजना के तहत तालाब के गंदे पानी को नाला बंदकर दूसरी जगह से निकाला जाएगा।
पानी को साफ-सुथरा रखने के लिए तालाब में शोधन प्लांट लगेगा। लोगों के घूमने-फिरने के लिए इसके चारों तरफ पाथवे, घास व बैठने के लिए बेंच आदि भी लगाई जाएंगी। तालाब के चारों ओर लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था की जाएगी तथा जगह-जगह सीढि़यां बनाईं जाएंगी। तालाब के साथ उसके चारों ओर की जमीन पर कई अन्य तरह के कार्यों के जरिये ऐसे स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है, जहां पहुंचकर बच्चे और बड़े खाली समय का आनंद उठा सकें।
तालाब के सुंदरीकरण के लिए पहली किश्त जारी होने के बाद टेंडर भी डाले जा चुके हैं। अन्य औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही निर्माण संबंधी कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। – शकील अहमद, चेयमरमैन, नगर पालिका, जलालाबाद