शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: ट्रॉली से गिरे मजदूर की कुचलकर मौत, परिजनों ने हाईवे किया जाम

Connect News 24

Laborer crushed to death after falling from trolley, relatives blocked highway

​मीरानपुर कटरा में हाइवे पर बैठीं अर्जुन पक्ष की महिलाएं

0 खुदागंज रोड के नजदीक हुआ हादसा, पुलिस ने तमाशबीनों को हटाने के लिए लाठी फटकारी

0 साथी मजदूर ने पेड़ से कूदे बंदर के चलते गिरने की दी जानकारी, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला कायस्थान निवासी पुत्तूलाल का 20 वर्षीय पुत्र अर्जुन की ट्रॉली से गिरकर मौत हो गई। साथ के मजदूरों ने बंदर के झपटने से लड़खड़ाकर गिरने से मौत होने की बात जानकारी दी। आरोप है कि पुलिस ने परिजनों को सूचना दिए बिना ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नाराज परिजनों ने शाम को लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर नखासे के पास जाम लगा दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर 35 मिनट के बाद जाम खुलवा दिया।

अर्जुन ईंट के भट्ठे पर मजदूरी करता था। शुक्रवार सुबह दस बजे वह ट्रॉली में ईंट भरकर लौट रहा था। कसरक हॉल्ट के पास ट्रॉली से कुचलकर उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता पुत्तूलाल के अनुसार, अर्जुन ने लघुशंका करने के लिए ट्रैक्टर को रुकवाया था। उसके चढ़ने के दौरान चालक ने ट्रैक्टर को आगे बढ़ा दिया। इससे लड़खड़ाकर गिरने से अर्जुन की कुचलने से मौत हो गई।

दूसरी ओर उसके साथी मजदूर सूरज ने बंदर के झपटने के बाद गिरने की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शाम करीब साढ़े पांच बजे शव को घर ले जाते मृतक के परिजन ग्रामीणों के साथ हाईवे पर आ गए। महिलाओं के सड़क पर बैठने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तमाशबीनों को हटाने के लिए लाठियां भी फटकारीं। इस दौरान पुलिस की महिलाओं से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद थाना प्रभारी पवन पांडेय ने वार्ता की, लेकिन बात नहीं बन सकी। सीओ तिलहर प्रयांक जैन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब करीब 35 मिनट के बाद जाम खोला गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली भी थाने में खड़ी करा ली है।

पुलिस की कार्यप्रणाली से खफा हुए परिजन

अर्जुन के परिजन पुलिस की कार्यशैली से काफी ज्यादा खफा हैं। मृतक के पिता पुत्तूलाल ने बताया कि बेटे की मौत के बाद पुलिस ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी। पुलिस सीएचसी, थाने व राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजने की बात कहते हुए टालती रही। जिस वाहन से उनके परिवार को पोस्टमार्टम पर भेजा, वह भी काफी धीमी गति से लाया गया। पुत्तूलाल ने बताया कि बेटे की मौत की जानकारी गांव के एक दूध बेचने वाले व्यक्ति से मिली।

अगले साल होनी थी अर्जुन की शादी

पुत्तूलाल के तीन बेटे व दो बेटियां हैं। अर्जुन तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी के लिए मां रामबेटी तैयारी कर रही थी। पुत्तूलाल ने उसकी शादी अगले साल के लिए टाल दी थी। बेटे की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पांच किमी लगा लंबा जाम

हाईवे जाम होने के बाद वाहनों की लंबी लाइन लग गई। दोनों ओर से कारों, रोडवेज बस, ट्रक व अन्य वाहन फंस गए। जाम में फंसे यात्रियों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।

हादसा होने के बाद पुलिस अर्जुन को उपचार के लिए सीएचसी लेकर गई थी। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।

– प्रयांक जैन, सीओ तिलहर

मीरानपुर कटरा में हाइवे पर बैठीं अर्जुन पक्ष की महिलाएं

मीरानपुर कटरा में हाइवे पर बैठीं अर्जुन पक्ष की महिलाएं

मीरानपुर कटरा में हाइवे पर बैठीं अर्जुन पक्ष की महिलाएं

मीरानपुर कटरा में हाइवे पर बैठीं अर्जुन पक्ष की महिलाएं

मीरानपुर कटरा में हाइवे पर बैठीं अर्जुन पक्ष की महिलाएं

मीरानपुर कटरा में हाइवे पर बैठीं अर्जुन पक्ष की महिलाएं


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button