Shahjahanpur News: हापुड़ की घटना के विरोध में हड़ताल पर रहे वकील
शाहजहांपुर। हापुड़ की घटना के विरोध में अधिवक्ता हड़ताल पर चल रहे हैं। बुधवार को तीसरे दिन भी अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी रही। इस दौरान उन्होंने न्यायिक कार्य भी नहीं किए।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश वैश्य ने बताया कि हापुड़ की घटना के बाद से अधिवक्ताओं में आक्रोश है। उनका कहना है कि घटना के दोषियों पर कार्रवाई होने तक हड़ताल जारी रहेगी। महामंत्री सुधीर सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर समझौता नहीं किया जा सकता।
जलालाबाद तहसील के अधिवक्ताओं ने हड़ताल पर रहकर कामकाज ठप रखा। दोपहर को बार संघ के महासचिव संदीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग हुई। उपाध्यक्ष करुणा शंकर वाजपेयी, देवेंद्र वर्मा, अंनगपाल, आधार पाठक, नवनीत पाठक, योगेश पाठक आदि शामिल रहे। इसी तरह से तहसील पुवायां, कलान, तिलहर में भी अधिवक्ताओं ने हड़ताल पर रहकर अपना विरोध जताया।

